मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से गोड्डा के दिव्यांग छात्र मो० फैजानुल्लाह ने की मुलाकात।
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से आज झारखंड विधान-सभा में गोड्डा के दिव्यांग छात्र मो० फैजानुल्लाह ने मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को उन्होंने अवगत कराया कि वे सेरेब्रल पॉलिसी से प्रभावित हैं और दांतों से पेन पकड़कर (मुंह से लिखकर) पढ़ाई व परीक्षा देते हैं। झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) की मैट्रिक परीक्षा-2026 में मुँह से लिखकर उन्होंने 93.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सफलता हासिल की है। मो० फैजानुल्लाह का नामांकन यूएचइस शिवाजीनगर, गोड्डा में रहा है। मौके पर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने दिव्यांग छात्र मो० फैजानुल्लाह के शिक्षा के प्रति जज्बा एवं दृढ़इच्छाशक्ति की सराहना करते हुए अपनी ओर से उन्हें उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी तथा उनका हौसला बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने उन्हें राज्य सरकार की ओर से हरसंभव मदद किए जाने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि मो० फैजानुल्लाह की यह उपलब्धि न केवल झारखंड, बल्कि पूरे देश में समावेशी शिक्षा, दृढ़ इच्छाशक्ति एवं दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा का एक प्रेरणादायक उदाहरण है। मौके पर राज्य सरकार के कई मंत्रीगण एवं विधायकगण भी उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि दिव्यांग मो० फैजानुल्लाह की शिक्षा झारखंड सरकार की समावेशी शिक्षा व्यवस्था के अंतर्गत Home-Based Education (HBE) के माध्यम से संचालित हुई। दिव्यांग होने के बावजूद अपने दृढ़ संकल्प, मेहनत तथा समावेशी शिक्षा के सहयोग से जैक द्वारा आयोजित मैट्रिक परीक्षा में 93.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर एक असाधारण उपलब्धि हासिल की है।






