पलामू-गढ़वा के सड़क विकास को लेकर सांसद विष्णु दयाल राम सक्रिय, केंद्र सरकार से कई फोरलेन व बाईपास परियोजनाओं की मांग
गढ़वा: पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने नई दिल्ली स्थित परिवहन भवन में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सचिव वी. उमाशंकर से मुलाकात कर पलामू संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत पलामू और गढ़वा जिलों में सड़क विकास, बेहतर कनेक्टिविटी और उच्च गुणवत्ता वाले राजमार्गों के निर्माण से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
सांसद ने बैठक के दौरान निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्गों को शीघ्र पूरा करने तथा नई परियोजनाओं के लिए डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) जल्द तैयार करने का आग्रह किया। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से इन परियोजनाओं को प्राथमिकता सूची में शामिल करने का अनुरोध किया।
सांसद ने जिन प्रमुख परियोजनाओं को लेकर मांग रखी, उनमें राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 139 (पुराना राष्ट्रीय राजमार्ग 98) के सीलीदाग से पड़वा मोड़ तक लगभग 22 किलोमीटर सड़क को फोरलेन करने, राष्ट्रीय राजमार्ग 343 के गढ़वा फोरलेन बाईपास से रामानुजगंज (झारखंड-छत्तीसगढ़ सीमा) तक लगभग 48 किलोमीटर सड़क को फोरलेन बनाने, तथा गढ़वा मझिआंव मोड़ से कांडी प्रखंड के श्रीनगर-पडुका ब्रिज (झारखंड-बिहार सीमा) तक लगभग 40 किलोमीटर सड़क को फोरलेन करने की मांग शामिल है।
इसके अलावा सांसद ने राष्ट्रीय राजमार्ग 139 (कर्माकला, छतरपुर बाईपास) से एस-127 के समानांतर नई फोरलेन सड़क, जपला फोरलेन बाईपास, देवरी कला (हुसैनाबाद) से देवीपुर (नौहट्टा, बिहार) को जोड़ने वाली सोन नदी पर पुल सहित सड़क निर्माण का भी मुद्दा उठाया। यह परियोजना पहले ही पीएम गति शक्ति योजना में शामिल की जा चुकी है, जिससे इसके शीघ्र क्रियान्वयन की उम्मीद जताई जा रही है।
बैठक में सांसद ने डालटनगंज शहर में लगने वाले जाम से राहत के लिए नॉर्दर्न बाईपास, कोयल नदी पर उच्चस्तरीय पुल और रेलवे लाइन पर रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) निर्माण का भी प्रस्ताव रखा। प्रस्तावित बाईपास राष्ट्रीय राजमार्ग-39 के चियांकी जोरकट (ज्योति प्रकाश बी.एड कॉलेज के पास) से सुआ, कौडिया, रांकी, नेउरा, कुदागा खुर्द, बंदुआ होते हुए महुगांवा एमडीआर-120 तक जोड़ेगा।
सांसद ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से पलामू और गढ़वा जिलों में सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होगी, यात्रा समय में कमी आएगी तथा क्षेत्र के आर्थिक और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।





