बढ़ई के बेटे को फर्जी खरीददार बना कर शशिभूषण सिंह ने पुनदाग में खरीदी 32 कट्ठा जमीन
रातू के अंचल अधिकारी थे वर्तमान डीएलएओ केके राजहंस
विवादित जमीन का गलत दस्तावेज बना कर की खरीद बिक्री की
विशेष संवाददाता
रांची : राजस्व सेवा के दो अधिकारी कृष्ण कन्हैया राजहंस और शशिभूषण सिंह ने राजधानी रांची के पुनदाग मौजा में गलत तरीके से 1.03 एकड़ जमीन खरीदी। खाता 247 के प्लाट 114 के 1.03 एकड़ जमीन को गलत रैयत शिबू साहू और संजय महतो ने 15 अक्तूबर 2007 को बेचा था। इन दोंनो ने स्वर्गीय सोमारू सिंह के बेटे परमेश्वर सिंह को खड़ा किया, जिनका पता हिनू, थाना डोरंडा, जिला रांची दिखाया गया। नौ लाख रुपये में रातू अंचल की जमीन खरीदने का डीड तैयार किया गया, जिसका मुद्रांक शुल्क 36 हजार रुपये दिखाया गया है। एक एकड़ जमीन को हथियाने के लिए यह एक नया कारनामा दोनों ने किया। उस समय कृष्ण कन्हैया राजहंस अंचल अधिकारी थे। शशिभूषण सिंह अंचल में बतौर राजस्व हल्का कर्मचारी के रूप में पदस्थापित थे। जमीन की खरीदगी के दस दिनों बाद विवादित जमीन का दाखिल खारिज भी कृष्ण कन्हैया राजहंस ने हल्का कर्मचारी शशिभूषण सिंह की रिपोर्ट के आधार पर कर दी। इन दोनों ने कई जगहों पर ऐसा खेल खेला है। गुमला में भी इन्होंने रिंग रोड की जमीन खरीद कर उसका मुआवजा भी उठा लिया।
चौहदी भी दिखलायी
इस प्लाट की चौहदी भी दिखलायी गयी है, जिसके पूर्व में मांगु महतो का टांड़, उत्तर में प्लाट नंबर 120, पश्चिम में प्लाट नंबर 119 दिखाया गया है। इसका जमाबंदी रैयत लालदेव महतो ने निबंधित दस्तावेज 4703 के जरिये 1941 में दिलनाथ महतो ने खरीदा था।
स्वर्गीय लालदेव महतो को 1975 में जमीन कर दी वापस
डीड में लिखा गया कि भगतिन देवी ने 15 अप्रैल 1975 को 31 सौ रुपये लेकर लालदेव महतो को यह जमीन वापस कर दी। लालदेव महतो 6.10.1941 से लगातार इस जमीन के दखलकार रहे हैं। कहानी में यह भी डीड में लिखा गया कि मूल दस्तावेज एवं उसकी दूसरी प्रति एक दूसरे के हू-ब-हू एवं सच्ची प्रतिलिपि है। रजिस्ट्री में गवाह के रूप में अजीत महतो और रंजीत कुमार का हस्ताक्षर है।
क्रेता के रूप में परमेश्वर सिंह के फोटो की जगह रंजीत शर्मा का फोटा लगा दिया
डीड में क्रेता के रूप में परमेश्वर सिंह को पी सिंह दिखाया गया है। 15.10.2007 को किये गये रजिस्ट्री में जिस परमेश्वर सिंह उर्फ पी सिंह का तस्वीर लगाया गया है, वह एक बढ़ई का बेटा रंजीत शर्मा है। रंजीत शर्मा एक जमीन कारोबारी है और अपने आप को पीएलएफआइ का सदस्य बताता है। जमीन का निबंधन आइडी 18349-16641-2007 है। इसमें वेंडर का नाम शिबू साहू, संजय महतो दिखाया गया है। पहचान कर्ता असीत कुमार हरमू को बनाया गया है।






