BREAKING NEWS

logo

पलामू प्रमंडल से एकमात्र महिला को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी में मिली बड़ी जिम्मेदारी


झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नई विस्तारित कमेटी में पलामू प्रमंडल से एकमात्र महिला नेत्री के रूप में श्रीमती पूर्णिमा पाण्डेय को प्रदेश सचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। उनके मनोनयन से पलामू प्रमंडल के कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं महिलाओं में उत्साह का माहौल है।

बसना की बेटी और बारालोटा की बहू पूर्णिमा पाण्डेय पिछले लगभग 15 वर्षों से कांग्रेस पार्टी में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। इससे पूर्व भी पार्टी नेतृत्व ने उनकी संगठनात्मक क्षमता और समर्पण को देखते हुए उन्हें प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी सौंपी थी।

शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। वर्तमान में वह Computer Science & Engineering में PhD कर रही हैं तथा इससे पहले DAV Engineering College एवं GEC Palamu में व्याख्याता के रूप में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। एक शिक्षित एवं जागरूक महिला नेत्री के रूप में उनकी पहचान लगातार मजबूत हुई है।

उनकी राजनीतिक यात्रा महिला कांग्रेस की जिला महासचिव के पद से शुरू हुई थी। इसके बाद उन्होंने महिला कांग्रेस पलामू जिला अध्यक्ष, प्रदेश स्तर पर विशेष आमंत्रित सदस्य, जोनल प्रवक्ता तथा प्रदेश सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। संगठन में लगातार सक्रियता और जमीनी पकड़ के कारण पार्टी के भीतर उनकी अलग पहचान बनी है।

पूर्णिमा पाण्डेय पिछले 15 वर्षों से बिश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहकर चुनाव की तैयारी कर रही हैं। वर्ष 2019 में पार्टी ने वरिष्ठता के आधार पर ददई दूबे को उम्मीदवार बनाया था, जबकि 2024 के विधानसभा चुनाव में जातीय समीकरण को ध्यान में रखते हुए सुधीर चन्द्रवंशी को टिकट दिया गया। और दोनों बार पार्टी को हार का सामना करना पड़ा । बावजूद इसके उन्होंने संगठन के प्रति अपनी निष्ठा और सक्रियता बनाए रखी।

युवा, शिक्षित, संघर्षशील और प्रेरणादायी व्यक्तित्व की धनी पूर्णिमा पाण्डेय महिलाओं एवं युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही हैं। उनके समर्थकों का मानना है कि आने वाले समय में वह पलामू प्रमंडल की राजनीति में कांग्रेस का मजबूत चेहरा बनकर उभर सकती हैं।