सड़क सुरक्षा को लेकर वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट की पहल, उपायुक्त से मिलकर उठाई अहम मांगें
पलामू: सड़क सुरक्षा जागरूकता पर लगातार काम करने वाली संस्था “वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट” के सदस्यों ने सोमवार को नवनियुक्त उपायुक्त से मुलाकात कर शहर की यातायात व्यवस्था से जुड़ी कई गंभीर समस्याओं को उनके समक्ष रखा।
मुलाकात के दौरान ट्रस्ट के प्रतिनिधियों ने शहर को जाम से मुक्ति दिलाने, टूटी सड़कों के पुनर्निर्माण, धूल की समस्या से निजात, सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराने तथा शहर के अंदर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने बताया कि शादी-ब्याह के मौसम में शहर की सड़कें जाम से जूझ रही हैं, वहीं लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाएं लोगों की जान ले रही हैं।
ट्रस्ट के सदस्यों ने कहा कि युवाओं की असमय मौत उनके परिवारों के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसे हर हाल में रोकना जरूरी है। इस पर उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक जाम की समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र ही आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया और ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना भी की।
संस्था की सचिव शर्मिला वर्मा ने कहा कि उनकी टीम लगातार लोगों को सड़क पर सावधानी बरतने के लिए जागरूक करती रहेगी और प्रशासन के सहयोग से इस अभियान को और तेज किया जाएगा। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे खुद नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
मौके पर मौजूद डॉक्टर अमितू सिंह ने विशेष रूप से छात्रों से अपील करते हुए कहा कि थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए हमेशा सतर्क रहें। वहीं अभियान की वक्ता मंजू चंद्रा ने कहा कि जीवन की रक्षा के लिए सड़क सुरक्षा बेहद जरूरी है।
अंत में ट्रस्ट ने अभिभावकों से आग्रह किया कि यदि वे अपने बच्चों को वाहन देते हैं, तो उन्हें हेल्मेट अवश्य पहनने के लिए प्रेरित करें, ताकि हादसों से बचाव हो सके।





