कानपुर, महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सनवाबगंज स्थित प्राचीन
बाबा जागेश्वर मंदिर में इस वर्ष भी भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक
कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। श्री जागेश्वर महादेव प्रबंधक सभा के
महामंत्री प्राण श्रीवास्तव ने शुक्रवार को बताया कि बीते कई वर्षों की
परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी बाबा का विशेष श्रृंगार एवं विविध
धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे, जिन्हें देखने के लिए दूर-दूर से
श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
महामंत्री ने बताया कि
महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या शनिवार को गणेश विवाह, हल्दी-मेहंदी,
बन्ना-बन्नी, शिव विवाह प्रसंग, बधाई गीत सहित पारंपरिक धार्मिक
प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर पिछले 12
वर्षों की भांति इस वर्ष भी लगभग एक हजार महिलाएं सोलह श्रृंगार कर मंदिर
प्रांगण में एकत्रित होंगी। महिला मंडल की ओर से माता की मेहंदी, बाबा की
हल्दी एवं विशेष श्रृंगार की रस्में संपन्न कराई जाएंगी। पूजन के उपरांत
भोग अर्पित किया जाएगा।
शाम 7 बजे बाबा जागेश्वर की भव्य महाआरती
होगी, जिसमें महिलाएं अपने-अपने घरों से पांच-पांच दीपक लाकर आरती में
सहभागी बनेंगी। सभा के अनुसार सुसज्जित थालियों के साथ विधि-विधान से
पूजा-अर्चना करने वाली श्रद्धालुओं में से सुंदर एवं सृजनात्मक थाली सजाने
वाली महिलाओं को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
मंदिर परिसर को आकर्षक
विद्युत सज्जा एवं पुष्प सजावट से सुसज्जित किया जाएगा। श्रद्धालुओं की
सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
कमेटी के
महामंत्री प्राण श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष रोहन, संयोजक जीतू पांडे तथा
महिला मंडल की ओर से श्वेता, सीमा और सीखा सोनी ने अधिक से अधिक
श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
बाबा जागेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर होगा भव्य आयोजन





