BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

भोरंज अस्पताल में लगेगी सीटी स्कैन और अन्य आधुनिक मशीनें : सुरेश कुमार


भरेड़ी 27 नवंबर। विधायक सुरेश कुमार ने शुक्रवार को यहां उपमंडल स्तरीय रैडक्रॉस मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर रैडक्रॉस की उपमंडलीय और जिला इकाई के पदाधिकारियों, रैडक्रॉस से जुड़े स्थानीय संरक्षकों एवं आजीवन सदस्यों तथा सभी क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए सुरेश कुमार ने कहा कि स्थापना के बाद मात्र दो वर्षों में ही रैडक्रॉस की भोरंज उपमंडल इकाई पूरे जिले में नंबर-एक पर पहुंच गई है। सुरेश कुमार ने बताया कि वह स्वयं भी रैडक्रॉस के आजीवन सदस्य बनें हैं और आने वाले समय में भोरंज में इस अंतर्राष्ट्रीय संस्था का विस्तार किया जाएगा।
 उन्होंने बताया कि लगभग चार वर्षों के दौरान भोरंज विधानसभा क्षेत्र में विकास की नई गाथा लिखी गई है। भोरंज अस्पताल के भवन पर करोड़ों की धनराशि खर्च की गई है और यहां पहली बार 6 स्पेशलिस्ट डॉक्टर नियमित रूप से सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। इस अस्पताल में लोगों को जिला स्तरीय अस्पताल के बराबर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। यहां शीघ्र ही सीटी स्कैन की मशीन और सभी प्रकार के अन्य टैस्टों की भी अत्याधुनिक मशीनें स्थापित की जाएंगी। यहां क्रिटिकल केयर यूनिट और अन्य ब्लॉकों के निर्माण के लिए भी सभी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं, जिससे यहां डॉक्टरों की संख्या 25 तक पहुंच जाएगी।
 सुरेश कुमार ने बताया कि उन्होंने भोरंज के लिए ड्राईवरों सहित चार एंबुलेंस गाड़ियों की व्यवस्था की है। क्षेत्र के हर गांव एवं बस्ती तक एंबुलेंस रोड बनाए जा रहे हैं। अभी तक दो दर्जन से अधिक एंबुलेंस रोड मंजूर किए जा चुके हैं।
 इस अवसर पर उपायुक्त एवं जिला रैडक्रॉस सोसाइटी की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़, एसडीएम एवं उपमंडलीय रैडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष शशिपाल शर्मा और सोसाइटी के अन्य पदाधिकारियों ने विधायक का स्वागत किया तथा सोसाइटी की गतिविधियों की जानकारी दी।
 रैडक्रॉस मेले के दौरान स्वास्थ्य जांच शिविर, रक्तदान शिविर और विभिन्न विभागों एवं महिला स्वयं सहायता समूहों की प्रदर्शनियां भी लगाई गईं। इस दौरान भोरंज अस्पताल के डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के अलावा मेडिकल कालेज अस्पताल हमीरपुर के ब्लड बैंक की टीम, आयुष विभाग, पार्क अस्पताल के डॉक्टरों और डेंटल कालेज सुंदरनगर की टीम ने भी अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इस आयोजन में विभिन्न विभागों के साथ-साथ वीनस फाउंडेशन, गरीबदास फाउंडेशन, रैडक्रॉस के स्थानीय आजीवन सदस्यों एवं संरक्षकों, सीनियर सिटीजन वेलफेयर एसोसिएशन, व्यापार मंडल, स्थानीय पंचायत जनप्रतिनिधियों तथा अन्य सामाजिक संगठनों ने भी सहयोग किया।
 कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय बन्याल, वरिष्ठ नेता डॉ. रमेश डोगरा, बीडीसी अध्यक्ष पूनम देवी, उपाध्यक्ष कुलदीप शर्मा और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।