BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

वेतन बकाया को लेकर आम बस कर्मचारियों का प्रदर्शन, भुवनेश्वर में 117 बसें सड़कों से गायब


भुवनेश्वर, 18 मई । 

लंबित वेतन और अन्य मांगों को लेकर अमा बस के कर्मचारियों द्वारा सोमवार को पात्रपडा डिपो में किए गए विरोध प्रदर्शन के कारण राजधानी भुवनेश्वर में सार्वजनिक परिवहन सेवा बुरी तरह प्रभावित रही। बस सेवाएं ठप होने से दैनिक यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

स्थानीय सूत्राें के अनुसार, आंदोलन के चलते 45 रूटों पर चलने वाली करीब 117 आम बसें सड़कों पर नहीं उतरीं। प्रदर्शन सुबह करीब 4 बजे शुरू हुआ, जिसमें ड्राइवर, गाइड और अन्य कर्मचारी शामिल हुए। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें पिछले दो महीनों से वेतन नहीं मिला है।

प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने समय पर वेतन भुगतान, ईपीएफ और ईएसआई सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा बस गाइडों की सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने की मांग उठाई। कर्मचारियों का कहना है कि बस गाइडों को थर्ड पार्टी एजेंसियों के माध्यम से वेतन दिए जाने के कारण भुगतान में लगातार देरी हो रही है।

कई रूटों पर बस सेवाएं बंद रहने से विशेषकर कार्यालय समय के दौरान बड़ी संख्या में यात्रियों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, जिससे राजधानी की सामान्य परिवहन व्यवस्था प्रभावित हुई।

अधिकारियों ने कहा है कि मामले के समाधान के लिए प्रयास जारी हैं और स्थिति को जल्द सामान्य करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, कैपिटल रिजन अर्बन ट्रैन्सपोर्ट (क्रुट) की ओर से अब तक इस विरोध प्रदर्शन को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।