BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

कांग्रेस की विरासत विफलताओं और गलत फैसलों की : भाजपा



नई दिल्ली:  कांग्रेस के स्थापना दिवस पर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान को लेकर भारतीय जानता पार्टी हमलावर है। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस की विरासत देश के लिए उपलब्धियों की नहीं, बल्कि विफलताओं और गलत फैसलों की रही है। भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने शनिवार को यहां प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर (पीओके), देश का विभाजन, वर्ष 1984 के दंगे, चीन को भूमि देना और आपातकाल कांग्रेस की विरासत हैं। 


उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष खरगे एक रिमोट कंट्रोल अध्यक्ष की तरह काम कर रहे हैं और कथित रूप से गांधी परिवार की सेवा में लगे हुए हैं। कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र नहीं है और पार्टी नेतृत्व इस सच्चाई से अवगत होने के बावजूद कुछ कहने की स्थिति में नहीं है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि वर्ष 1984 के दंगों को कांग्रेस नेताओं द्वारा सही ठहराने का प्रयास किया गया, जबकि उस दौरान अनेक निर्दोष लोगों की जान गई। आपातकाल देश के लोकतंत्र के लिए काला दिन था, जो कांग्रेस की सोच और कार्यशैली को दर्शाता है।


भाटिया ने कहा कि कांग्रेस की स्थापना 28 दिसंबर 1885 को मुंबई में हुई थी और स्वतंत्रता संग्राम में कांग्रेस के योगदान का उल्लेख करते हुए आज के नेतृत्व को आत्ममंथन करने की आवश्यकता है। कांग्रेस आज देश के लोकतंत्र की कमजोर कड़ी बन चुकी है। भाजपा प्रवक्ता भाटिया ने कहा कि कांग्रेस को विदेशी सोच से बाहर निकलकर देश की जड़ों से जुड़ना चाहिए। आज कांग्रेस के पास न तो ठोस विचारधारा बची है और न ही जनता का विश्वास, इसलिए उसकी नींव ही कमजोर हो चुकी है।


उल्लेखनीय है कि कांग्रेस स्थापना दिवस पर खरगे ने कहा कि 28 दिसंबर 1885 को मुंबई में कांग्रेस की स्थापना हुई थी। तब से 62 साल तक (1947 तक) करोड़ों कांग्रेसियों ने अंग्रेजों से संघर्ष किया, त्याग और बलिदान दिया, जेल में मुश्किल यातनाएं सहन कीं, तब जाकर देश आजाद हुआ। खरगे ने राजग सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले 11 सालों में राजग सरकार ने कांग्रेस की तरफ से बनाए गए संस्थानों को कमजोर किया।