नई दिल्ली, 06 फरवरी (हि.स.)। आस्था, संस्कृति और विरासत की नगरी अयोध्या 22 फरवरी को ‘रन फॉर राम’ मैराथन के चौथे संस्करण की मेजबानी के लिए तैयार है। राम कथा पार्क में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम का आयोजन क्रीड़ा भारती द्वारा किया जा रहा है, जो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मार्गदर्शन में स्थापित एक प्रमुख खेल संगठन है। ‘रन फॉर राम’ मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जीवन मूल्यों, अनुशासन और आदर्शों से प्रेरित एक ऐसा आयोजन है, जो आध्यात्मिकता, फिटनेस और सामाजिक सहभागिता का संगम प्रस्तुत करता है। अयोध्या की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि में आयोजित यह मैराथन प्राचीन 14-कोसी परिक्रमा से प्रेरणा लेती है, जो सहनशक्ति और एकाग्रता का प्रतीक रही है। इस बार देश-विदेश से 10 हजार से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। कार्यक्रम में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख एल. मांडविया के शामिल होने की संभावना है। क्रीड़ा भारती उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष अवनीश कुमार सिंह ने कहा कि यह आयोजन स्वस्थ शरीर और सशक्त चरित्र के भारतीय विचार को बढ़ावा देता है और लोगों को श्रीराम के मूल्यों से जुड़ते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करता है। महिला सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए स्त्री इंडिया स्पोर्ट्स फाउंडेशन इस आयोजन का नॉलेज पार्टनर है। संस्था का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को खेलों के माध्यम से सशक्त बनाना और सामाजिक भागीदारी को बढ़ाना है। मैराथन में चार प्रोफेशनली टाइम्ड रेस कैटेगरी होंगी—42 किमी और 21 किमी (18 वर्ष से अधिक आयु), 10 किमी (12 वर्ष से अधिक आयु) तथा 3 किमी (सभी आयु वर्ग)। प्रतिभागियों को आरएफआईडी तकनीक और ऑन-कोर्स सुविधाओं का सहयोग मिलेगा। आयोजन में कुल 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि विभिन्न श्रेणियों में वितरित की जाएगी, ताकि प्रतिभागियों को प्रोत्साहन मिल सके। साथ ही, श्रीराम की सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विभिन्न देशों के दूतावासों और राजदूतों को भी आमंत्रित किया गया है, जिनमें से कई अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने भागीदारी की पुष्टि की है। पिछले तीन वर्षों में ‘रन फॉर राम’ को व्यापक समर्थन मिला है और यह धीरे-धीरे जनआंदोलन का रूप ले चुका है। आयोजकों का मानना है कि इस बार का आयोजन अयोध्या की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत करेगा तथा समाज में स्वास्थ्य, एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश फैलाएगा।
अयोध्या में 22 फरवरी को ‘रन फॉर राम’ का चौथा संस्करण, तैयारियां तेज

