BREAKING NEWS

logo

क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी के घर के बाहर प्रशंसकों ने मनाया जन्मदिन


रांची,। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का रविवार को 43वां जन्मदिन है। इस खास मौके पर देशभर में उनके प्रशंसक उनका बर्थडे सेलिब्रेट कर रहे हैं। राजधानी रांची में भी प्रशंसकों ने कैप्टन कूल माही का जन्मदिन धूमधाम से मनाया।

प्रशंसकों ने सिमलिया स्थित धोनी के घर के बाहर केक काटा और कट आउट पोस्टर पर उनको केक खिलाया। धोनी के प्रशंसक सुबोध कुशवाहा और कुश्माही एकेडमी के कोच बच्चों के साथ पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि आज माही का 43वां जन्मदिन है। उनके जन्मदिन पर हम कामना करते हैं कि वह हमेशा खुश रहें और आगे भी क्रिकेट खेलते रहे।

अहमदाबाद से आये एक प्रशंसक ने कहा कि वह सिर्फ धोनी को देखने और उनका जन्मदिन मनाने अहमदाबाद से रांची आये हैं लेकिन उन्हें अफसोस है कि धोनी से मुलाकात नहीं हो पायेगी। हालांकि, उन्होंने उम्मीद जतायी कि इस बार नहीं तो अगली बार जरूर उनसे मुलाकात होगी।

सात जुलाई, 1981 को धोनी का जन्म तत्कालीन बिहार के रांची में हुआ। भारत ने महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में 2007 का टी-20 वर्ल्ड कप, 2011 का वनडे वर्ल्ड कप और 2013 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम किया। साथ ही धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया टेस्ट फॉर्मेट में नंबर-1 बनी। धोनी ने 15 अगस्त, 2020 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया। हालांकि, उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग में खेलना जारी रखा।

भारत ने 11 साल बाद आईसीसी ट्रॉफी का सूखा 2024 का टी-20 वर्ड कप जीतकर दूर किया। धोनी ने वर्ल्ड कप जीत को जन्मदिन का अनमोल तोहफा बताया। धोनी ने रविवार को सोशल मीडिया पर लिखा, अरे… जन्मदिन के अनमोल तोहफे के लिए धन्यवाद। महेंद्र सिंह धोनी के जन्मदिन 7 जुलाई से आठ दिन पहले टीम इंडिया टी-20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब जीतना वास्तव में धोनी के लिए अब तक का सबसे अच्छा बर्थडे गिफ्ट होगा।

धोनी की बायोपिक का नाम “एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी” है, जो पहले 30 सितंबर, 2016 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। अब इसे एक बार फिर धोनी के जन्मदिन पर 5 से 11 जुलाई तक रिलीज किया जा रहा है।