पूर्वी सिंहभूम, । कर्नाटक के उडुपी पेजावर मठ के पीठाधीश और श्रीराम मंदिर अयोध्या के प्रमुख ट्रस्टी पूज्य श्रीश्री 108 श्री विश्व प्रसन्न तीर्थ स्वामीजी ने जल्द ही भारत के हिन्दू राष्ट्र बनने का दावा किया है।
जमशेदपुर में उन्होंने कहा कि कहा है कि भारत जिस मार्ग पर अग्रसर है, एक दिन यह स्वयं हिन्दू राष्ट्र बनेगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि देश के सभी लोग मर्यादा पुरुषोत्तम राम के आदर्श अपनाएं, तो देश में रामराज्य स्वतः स्थापित हो जाएगा।
चौमासा बिताकर कर्नाटक के बेंगलुरु से बद्रीनाथ लौटते समय स्वामीजी जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित राम मंदिर पहुंचे, जहां भक्तों ने उनका स्वागत किया और स्वामीजी ने अपने अनमोल वचनों से रामभक्तों को कृतार्थ किया।
मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने पेशे में सेवा भाव से जुड़ना चाहिए, ताकि समाज और देश का कल्याण हो सके। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस वर्ष के शेष तीन दिन—29, 30 और 31 दिसंबर को अयोध्या में विशेष पूजन के साथ राम मंदिर का कार्य पूरा किया जाएगा और वे लोगों को इस आयोजन में भाग लेने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं।
इस प्रेस वार्ता में जम्मी भास्कर, डिप्टी प्रेसिडेंट, आंध्र भक्त श्री राम मंदिर कमिटी, बिष्टुपुर सहित अन्य लोग भी मौजूद थे।
भारत एक दिन हिन्दू राष्ट्र बनेगा :स्वामी विश्व प्रसन्न तीर्थ
