कोलकाता। पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के कल्याणी में शुक्रवार को
एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में कम से कम 4 लोगों की मौत हो
गई। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि पूरी फैक्ट्री तहस-नहस हो गई और जले हुए शव
चारों ओर बिखरे मिले। मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल हैं।
घटना
कल्याणी के रथतला इलाके में घनी आबादी वाले क्षेत्र में हुई। विस्फोट इतना
जबर्दस्त था कि फैक्ट्री की दीवारें गिर गईं और इलाके में अफरातफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट के बाद भयंकर आग लग गई, जिसे दमकल
विभाग ने काफी मशक्कत के बाद काबू पाया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस
को संदेह है कि पटाखे बनाने के दौरान शॉर्ट सर्किट से आग लगी, जिसके कारण
यह विस्फोट हुआ। हालांकि, विस्फोट के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।
पुलिस और दमकल विभाग मौके पर मौजूद हैं और मलबे में किसी के फंसे होने की
संभावना को देखते हुए बचाव अभियान जारी है।
दरअसल, पिछले कुछ वर्षों
में राज्य में पटाखा फैक्ट्रियों में विस्फोट की कई घटनाएं हुई हैं। 2023
में पूर्व मेदिनीपुर के एगरा में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में धमाके से 09
लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद दक्षिण 24 परगना के बजबज और उत्तर 24 परगना
के दत्तपुकुर में भी ऐसे हादसे हुए थे, जिनमें कम से कम 07 लोगों की जान गई
थी। अब इस कड़ी में कल्याणी का नाम भी जुड़ गया है।
घटना के बाद से
स्थानीय लोगों में गुस्सा और दहशत है। घनी आबादी के बीच ऐसी पटाखा
फैक्ट्रियों के संचालन पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि प्रशासन को
इन फैक्ट्रियों पर सख्ती से रोक लगानी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाएं
दोबारा न हों।