रांची, । कुख्यात अपराधी मयंक सिंह उर्फ सुनील मीणा को 23 अगस्त को रांची लाया जाएगा। सुनील मीणा को गत अक्टूबर 2024 में अजरबैजान में पकड़ा गया था।
झारखंड पुलिस की एटीएस एसपी ऋषभ झा के नेतृत्व में एक टीम उसे लाने के लिए 19 अगस्त को रांची से रवाना होगी। इसके बाद उसे प्रत्यर्पण संधि के तहत 23 अगस्त को रांची लाया जाएगा। सुनील मीणा को भारत को सौंपने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। झारखंड पुलिस ने सुनील मीणा के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया था।
इस संबंध में गुरुवार को झारखंड के डीजीपी अनुराग गुप्ता ने बताया कि हमें मयंक सिंह को लाने के लिए हरी झंडी मिल गई है। केंद्रीय एजेंसियों की सहायता से झारखंड पुलिस को यह कामयाबी मिली है। उसे जल्द रांची लाया जाएगा।
मिली जानकारी के अनुसार जो पुलिस अधिकारी मयंक सिंह को लाने विदेश जाएंगे उनके लिए व्हाइट पासपोर्ट बनाया जा रहा है। इसको डिप्लोमेटिक पासपोर्ट भी कहा जाता है। इसी पासपोर्ट के आधार पर अधिकारी अजरबैजान जाएंगे।
कुख्यात गैंगस्टर अमन साव के बेहद खास मयंक सिंह उर्फ सुनील मीणा झारखंड का ऐसा पहला अपराधी है जिसकी गिरफ्तारी विदेश से हुई है।
उल्लेखनीय है कि लॉरेंस विश्नोई और अमन साव गिरोह का मयंक सदस्य रह चुका है।
मयंक सिंह को भारत लाने से झारखंड पुलिस को भी काफी फायदा मिलेगा। गैंगस्टर अमन साव के फाइनेंशियल नेटवर्क के साथ-साथ पूरे हथियार नेटवर्क को मयंक ही संभालता था। मयंक से पूछताछ के बाद जो कार्रवाई होगी, उसमें अमन साव के हथियार और फाइनेंशियल नेटवर्क दोनों को ध्वस्त करने में सहायता मिलेगी।
मयंक सिंह उर्फ सुनील मीणा के बारे में पूरी जानकारी मिलने के बाद झारखंड एटीएस की एक टीम ने राजस्थान के अनूपगढ़ जिले के नई मंडी थाना क्षेत्र के जीडीए पुरानी मंडी घड़साना स्थित मीणा के घर डुगडुगी बजा कर इश्तेहार भी चस्पा किया था। एटीएस ने मयंक उर्फ सुनील के खिलाफ राजस्थान में कुर्की-जब्ती की भी कार्रवाई की थी।
कुख्यात अपराधी मयंक सिंह को अजरबैजान से 23 को लाया जाएगा रांची
