चेन्नई, 06 फरवरी (हि.स.)। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने शुक्रवार को सामाजिक और आर्थिक चिंतक कार्ल मार्क्स की प्रतिमा का अनावरण किया। यह प्रतिमा चेन्नई के एग्मोर स्थित कन्निमारा सार्वजनिक पुस्तकालय और संग्रहालय परिसर में स्थापित की गई है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी बयान के अनुसार, इस प्रतिमा की स्थापना पर लगभग 85 लाख रुपये की लागत आई है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कार्ल मार्क्स के जीवन और विचारों पर आधारित विशेष फोटो प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री स्टालिन ने गठबंधन दलों के नेताओं के साथ प्रतिमा के समक्ष “कार्ल मार्क्स को वीर वंदन” का नारा भी लगाया। इस अवसर पर मंत्री सुब्रमणियन, शेखर बाबू, चेन्नई की मेयर प्रिया सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। गठबंधन दलों के नेता सेल्वपेरुंथगै, वाइको और वीरपांडियन समेत अन्य नेताओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री स्टालिन ने 3 मार्च 2025 को विधानसभा में नियम 110 के तहत चेन्नई में कार्ल मार्क्स की नई प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की थी, जिसका उद्देश्य उनके सामाजिक और आर्थिक विचारों को आम जनता तक पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री स्टालिन ने चेन्नई में कार्ल मार्क्स की प्रतिमा का किया अनावरण

