धमतरी, 05 फरवरी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत वर्ष के अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज़ के कुरूद संभाग द्वारा स्वामी विवेकानंद मंगल भवन, कुरूद में रजत महोत्सव समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि कुरूद सहित आसपास के क्षेत्रों की तेज प्रगति में निर्बाध बिजली आपूर्ति की अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि आज बिजली प्रदेश की पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बन चुकी है। इस दौरान अजय चंद्राकर ने पॉवर कंपनी की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सजग विद्युत उपभोक्ताओं को सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि कुरूद क्षेत्र में प्रदेश के सबसे अधिक विद्युत विकास कार्य हुए हैं, जिससे कृषि, उद्योग और शिक्षा जैसे क्षेत्रों को नई दिशा मिली है। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उल्लेख करते हुए इसे आम घरेलू उपभोक्ताओं के लिए लाभकारी बताया तथा सौर ऊर्जा को भविष्य की ऊर्जा जरूरतों के लिए टिकाऊ विकल्प बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में रायपुर केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा उपस्थित रहे। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू तथा पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के अतिरिक्त मुख्य अभियंता के.एस. भारती भी मौजूद थे। स्वागत उद्बोधन में अतिरिक्त मुख्य अभियंता के.एस. भारती ने बताया कि पिछले 25 वर्षों में प्रदेश में विद्युत उपभोक्ताओं की संख्या 19 लाख से बढ़कर 65 लाख हो गई है और पॉवर कंपनी सभी उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने में सफल रही है। कार्यपालन अभियंता कुरूद संभाग अमित कुमार ने बताया कि समारोह में विभिन्न योजनाओं के तहत 26 सजग विद्युत उपभोक्ताओं को सम्मानित किया गया। इनमें नियमित बिजली बिल भुगतान करने वाले उपभोक्ता, निर्धारित सीमा में बिजली खपत करने वाले एकल बत्ती उपभोक्ता, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और कृषक जीवन ज्योति योजना के लाभार्थी तथा गैर-घरेलू श्रेणी के उपभोक्ता शामिल रहे। समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, विद्युत उपभोक्ता, गणमान्य नागरिक और पॉवर कंपनी के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कुरूद क्षेत्र की प्रगति में निर्बाध बिजली आपूर्ति की अहम भूमिका: अजय चंद्राकर

