प्रयागराज, 18 मई।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि नगर के करेली थाना क्षेत्र के नई बस्ती बेनीगंज निवासी नरेन्द्र कुमार केसरवानी (32) पुत्र छेदीलाल केसरवानी का शव आज सुबह चौफटका रेलवे ट्रैक पर मिला। इस सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की। मृतक के परिवारीजनाें ने बताया कि नरेंद्र कुमार केसरवानी चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। वह जीवन यापन करने के लिए सब्जी का कारोबार करता था। प्रतिदिन की भांति सोमवार को लगभग पांच बजे घर से मंडी जाने के लिए निकला था। संभवत: रास्ते में चौफटका रेलवे क्रासिंग के समीप रेलवे ट्रैक पार करते समय वह अचानक आई ट्रेन की चपेट में आ गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस टीम ने उसके पास से मिले मोबाइल से प्राप्त नम्बर से पहचान कर परिवार को खबर दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित खुल्दाबाद थाना क्षेत्र के चौफटका रेलवे क्रासिंग के समीप सोमवार की सुबह ट्रेन की चपेट में आने से सब्जी कारोबारी की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की।

