BREAKING NEWS

logo

राजद विधायक विभा देवी और प्रकाश वीर ने विधानसभा अध्यक्ष को सौंपा अपना इस्तीफा


पटना,  । बिहार विधानसभा चुनाव-2025 की सरगर्मी के बीच राजनीतिक दलों के नेताओं का पाला बदलना लगातार जारी है। इसी क्रम में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के दो विधायकों ने इस्तीफा दे दिया है, जिसमें नवादा जिले की विधायक विभा देवी और रजौली से विधायक प्रकाश वीर शामिल हैं।

बिहार विधानसभा अध्यक्ष के नंदकिशोर यादव से मिलकर दोनों विधायकों ने उन्हें इस्तीफा सौंपा, जिसे विधानसभा अध्यक्ष ने स्वीकार कर लिया। हालांकि, विधानसभा सचिवालय की ओर से अभी तक पत्र जारी नहीं हुआ है। राजद के दोनों विधायक विभा देवी और प्रकाश वीर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) नेताओं के संपर्क में है। कयास लगाए जा रहे हैं कि राजग के टिकट पर दोनों विधानसभा का चुनाव लड़ सकते हैं।

बीते दिनों गयाजी में आयोजित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम में भी विभा देवी और प्रकाश वीर को एक साथ मंच पर देखा गया था। इससे पहले भी राजद के शिवहर से विधायक चेतन आनंद, भभुआ के राजद विधायक भरत बिंद और मोहनिया की संगीता कुमारी ने इस्तीफा दिया था। कांग्रेस के मुरारी गौतम ने भी इस्तीफा दे दिया है।

ऐसा माना जा रहा है कि राजद और कांग्रेस के विधायकों को जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) टिकट देगी। क्योंकि इसमें से कई विधायकों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 2024 में फिर से राजग में वापस लौटने और सरकार के विश्वास मत के दौरान समर्थन दिया था। हालांकि, सूर्यगढ़ा के राजद विधायक प्रहलाद यादव को लेकर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है।-