BREAKING NEWS

logo

नेहरू-गांधी परिवार राजशाही में राज करना चाहता था, इसलिए लोकतंत्र का गला घोटाः सीआर पाटिल


भोपाल, । केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल ने कहा कि देश आजाद होने के बाद लोकतंत्र का राज था। लोकशाही शासन था, लेकिन कांग्रेस का नेहरू-गांधी परिवार राजशाही में राज करना चाहता था, इसलिए लोकतंत्र का गला घोटकर आपातकाल लगाया। कांग्रेस देश की जनता के साथ विश्वासघात करने वाली राजनीतिक पार्टी है। संविधान का गला घोटने वाली कांग्रेस पार्टी के नेता संविधान की प्रति हाथ में लेकर देश की जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री पाटिल बुधवार को आपातकाल दिवस पर प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने मीसाबंदियों का सम्मान किया। संगोष्ठी में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। केन्द्रीय मंत्री पाटिल एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान के तहत प्रदेश कार्यालय परिसर में पौधारोपण किया एवं आपातकाल दिवस पर लगाई गई प्रदर्शनी का उद्घाटन कर अवलोकन किया।

इंदिरा गांधी और कांग्रेस ने अपने निजी स्वार्थों के लिए संविधान में कई संशोधन किए

केंद्रीय मंत्री पाटिल ने कहा कि आपातकाल दिवस देश की जनता को यह याद दिलाता है कि संविधान का गला घोंटने वाली ताकतों से कैसे लड़ना चाहिए। इंदिरा गांधी और कांग्रेस ने अपने निज स्वार्थों के लिए संविधान में कई संशोधन किए। आपातकाल लगाने के लिए कुछ परिस्थितियां होती हैं, लेकिन जब इंदिरा गांधी ने देश में आपातकाल लगाया, तब न तो देश युद्ध लड़ रहा था और न ही कोई आंतरिक समस्या थी। यह आपातकाल सिर्फ इसलिए लगाया गया था कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने इंदिरा गांधी के चुनाव को अवैध घोषित कर दिया था। कांग्रेस और इंदिरा गांधी को हाथ से देश की सत्ता जाते हुए दिखी, इसलिए देश में आपातकाल लगा दिया गया।

उन्होंने कहा कि आपातकाल में संविधान को निलंबित कर उन सबको जेल में डाल दिया गया था, जो संविधान को बचाने के लिए, देश के लोकतंत्र को जिंदा रखने के लिए कार्य कर रहे थे। जनसंघ से लेकर उन सभी राष्ट्रवादी विचारों को आगे बढ़ाने वाले संस्थाओं के अलावा उन पत्रकारों को भी जेल में डाला गया था, जो आपातकाल को लेकर कांग्रेस की सच्चाई जनता के सामने लाना चाहते थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आपातकाल के समय भूमिगत होकर गांव-गांव जाकर लोकतंत्र सेनानियों के परिजनों को सहायता पहुंचाने के साथ जनता को कांग्रेस की सच्चाई बताने का कार्य कर रहे थे। आज देश की जनता कांग्रेस की सच्चाई को समझ चुकी है और कांग्रेस अस्ताचल की ओर बढ़ रही है।

पाटिल ने कहा कि राजनीतिक तुष्टिकरण के लिए कांग्रेस ने एक परिवार को संविधान से ऊपर रखने का प्रयास किया है। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी संसद में शपथ लेते समय संविधान की प्रतियां हाथ में लेकर संविधान का रक्षक बनने का नाटक करते हैं। लेकिन उनके हाथ में जो संविधान होता है, उसके अंदर कोई दस्तावेज नहीं होता। कांग्रेस देश की जनता के साथ विश्वासघात करने वाली राजनीतिक पार्टी है, इसलिए आज देश की जनता कांग्रेस और नेहरू-गांधी परिवार पर भरोसा नहीं करती। 2014 में प्रधानमंत्री मोदी ने संविधान पर माथा टेककर संविधान की रक्षा के लिए जो कार्य शुरू किया था जो अनवरत चल रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के संविधान को और अधिक सशक्त बनाने के लिए कार्य किया जा रहा है।

जिस परिवार ने आपातकाल थोपा, उसी के सदस्य दे रहे संविधान की दुहाईः विष्णुदत्त शर्मा

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि इंदिरा गांधी ने 25 जून 1975 को देश पर आपातकाल थोपकर संविधान का गला घोंटा था। यह घटना भारतीय लोकतंत्र के इतिहास की सबसे दुखद और शर्मनाक घटनाओं में से एक है। यह केवल एक राजनीतिक निर्णय नहीं था, बल्कि यह भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सबसे बड़ा हमला था। आपातकाल लगाने का उद्देश्य नेहरू-गांधी परिवार का सत्ता पर वर्चस्व बनाए रखने की लालसा में संविधान को रौंदने का कुत्सित प्रयास था। लेकिन आज उन्हीं इंदिरा गांधी के परिवार के लोग संविधान हाथ में लेकर उसकी दुहाई दे रहे हैं।

शर्मा ने कहा कि आपातकाल के दौरान इंदिरा गांधी और संजय गांधी ने जिस तरह से न्यायालय और संविधान का अपमान किया आज भी उस परिवार के लोग वही कर रहे हैं। इंदिरा गांधी ने अगर न्यायालय को नीचे दिखाया, लोकतंत्र को कुचला, तो राहुल गांधी देश की संसद द्वारा पारित प्रस्ताव की प्रतियां सार्वजनिक रूप से फाड़ते हैं। उन्होंने कहा कि 1977 में देश की जनता ने कहा कि लोकतंत्र के हत्यारे अब नहीं चलेंगे और जनता ने सत्ता बदल दी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश भारत माता के गौरव को परम वैभव पर पहुंचाने के लिए आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है। लेकिन हमारी यह यात्रा उन हजारों लाखों लोगों के संघर्षों, बलिदानों से होकर गुजरी है, जिन्होंने आपातकाल के दौरान अपार कष्ट सहा और प्रताड़ना झेली है। श्रद्धेय अटल जी, आडवाणी जी, जार्ज फर्नांडीज जैसे हजारों नेताओं को जेल में डाल दिया गया। आपातकाल के दौरान कितने ही लोगों का जीवन समाप्त कर दिया गया और कितने ही परिवारों की खुशियां छीन ली गईं। करीब सवा लाख लोगों को जेलों में ठूंस दिया गया। नागरिक स्वतंत्रता का दमन किया गया। पार्टी के सभी कार्यकर्ता आपातकाल के इस काले सच को जनता तक पहुंचाएं। आज हम इसलिए आनंदित हैं कि लोकतंत्र सेनानियों के संघर्षों के कारण देश को वास्तविक आजादी मिली है, इसलिए आनंदित हैं कि आपातकाल के दौरान जिस विचारधारा वाले लोगों को जेलों में ठूंस दिया गया था, आज उसी विचारधारा के लोग देश का नेतृत्व कर रहे हैं।

कार्यक्रम को लोकतंत्र सेनानी संघ के प्रदेश संयोजक तपन भौमिक ने संबोधित कर आपातकाल से जुड़े अनेक संस्मरण सुनाए। इस दौरान मंत्री विश्वास सारंग,कृष्णा गौर समेत पार्टी के पदाधिकारी उपस्थित रहे।