भोपाल। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के नवनियुक्त मुख्य
न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुरेश कुमार कैत आज (बुधवार को) शपथ ग्रहण करेंगे।
यहां राजभवन में आयोजित एक सादा समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल उन्हें
पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। कैत मध्य प्रदेश के 28वें मुख्य
न्यायाधीश होंगे और उनका कार्यकाल छह माह का रहेगा। शपथ ग्रहण समारोह में
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी मौजूद
रहेंगे।
दरअसल, मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रवि
कुमार मलिमठ के इसी साल 24 मई को सेवानिवृत्त होने के बाद से यह पद खाली
पड़ा हुआ था। हालांकि, उच्च न्यायालय के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस शील नागू
और जस्टिस संजीव सचदेवा कार्यवाहक के रूप यह जिम्मेदारी संभाल रहे थे। गत
17 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ की
अध्यक्षता वाली कॉलेजियम ने मप्र के मुख्य न्यायाधीश के लिए दिल्ली उच्च
न्यायालय के वरिष्ठ न्यायाधीश सुरेश कुमार कैत के नाम की अनुशंसा की थी।
बीते शनिवार को कानून मंत्रालय द्वारा जस्टिस सुरेश कुमार कैत को
मध्यप्रदेश हाईकोर्ट का 28वां मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने संबंधी
अधिसूचना जारी की थी।
जस्टिस कैत मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले
हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई की और 1989 में
वकालत शुरू की। उन्होंने भारतीय रेलवे और यूपीएससी जैसे मामलों में केंद्र
सरकार की ओर से केस लड़े। साल 2008 में उन्हें दिल्ली उच्च न्यायालय में
अतिरिक्त जज नियुक्त किया गया और 2013 में स्थायी जज के रूप में पदोन्नत
किया गया। उन्होंने अपने कानूनी करियर में कई महत्वपूर्ण मामलों की सुनवाई
की है। इनमें सबसे महत्वपूर्ण नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) और जामिया
मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में हुई हिंसा से जुड़े मामले शामिल हैं,
जिनमें उनके दृष्टिकोण की सराहना की गई थी।
मप्र के नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश सुरेश कुमार कैत आज लेंगे शपथ, राजभवन में होगा समारोह
