BREAKING NEWS

logo

नीलाम्बर-पीताम्बर विश्वविद्यालय का तीसरा दीक्षांत समारोह छह अक्टूबर को : कुलपति


पलामू, नीलाम्बर-पीताम्बर विश्वविद्यालय का तीसरा दीक्षांत समारोह 3 की जगह अब छह अक्टूबर को आयोजित होगा। जीएलए कॉलेज स्टेडियम में कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि कुलाधिपति सह राज्यपाल भाग लेंगे। शिक्षा मंत्री के अलावा वित्त मंत्री एवं सांसद भी शामिल होंगे।

विश्वविद्यालय प्रशासन इसकी तैयारी में जुटा हुआ है। शुक्रवार को विश्वविद्यालय के कुलपति डा. दिनेश कुमार सिंह ने इस संबंध में पत्रकारों को संबोधित किया।

कुलपति ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर कई स्तरों पर तैयारी तेज की गयी है। राज्यपाल सड़क मार्ग से आयेंगे या हवाई मार्ग से इसके लिए अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है। तैयारी की पूरी रिपोर्ट राजभवन को भेजने के बाद वहां से जिला प्रशासन को सूचित किया जायेगा कि राज्यपाल किस तरह आयेंगे और उनके आने का समय निर्धारित किया जायेगा।

कुलपति ने कहा कि समारोह में डिग्री के लिए 1034 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिसमें 60 प्रतिशत लड़कियां हैं, जबकि 40 प्रतिशत लड़कों की संख्या है। इसी तरह चांसलर गोल्ड मेडल पांच छात्रों को दिया जायेगा और वाइस चांसलर गोल्ड मेडल 72 छात्र-छात्राओं को मिलेगा। इसके लिए न्यूनतम शुल्क भी निर्धारित है।

कार्यक्रम में राज्यपाल के आने के बाद सबसे पहले उन्हें विश्वविद्यालय भवन के पास गार्ड ऑफ आनर दिया जायेगा। राज्यपाल के द्वारा विश्विद्यालय भवन में बने महाऋषि विश्वामित्र पुस्तकालय का उदघाटन किया जाएगा। इसके बाद राज्यपाल कुलपति आवास के विश्रामगृह में कुछ देर रहेंगे और फिर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।

जीएलए कॉलेज गेट से स्टेडियम तक मेटल सड़क बनेगी। सफायी अभियान चल रहा है। कार्यक्रम स्थल पर राज्यपाल के आने के बाद दो से तीन घंटे तक कॉलेज गेट से अंदर की ओर आने वाली सड़क बाधित रहेगी। स्टेडियम में तीन गेट हैं। जिस गेट से राज्यपाल इंट्री करेंगे, उससे अन्य किसी का आगमन नहीं होगा। इंट्री के लिए पास दिया जायेगा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन को पत्र लिखा गया है और कार्यक्रम स्थल पर विजिट करने का आग्रह किया गया है।

मौके पर विश्वविद्यालय के कई पदाधिकारी मौजूद थे।