आईआईएम रांची में झारखंड के पहले जेन-जेड पोस्ट ऑफिस का उद्घाटन
रांची: डाक विभाग की एक अभिनव और दूरदर्शी पहल के तहत सोमवार
को आईआईएम रांची परिसर में झारखंड राज्य के पहले जेन-जेड पोस्ट ऑफिस (पोस्ट
कैफे) का भव्य उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर झारखंड डाक परिमंडल के निदेशक
राम विलास चौधरी, आईआईएम रांची के शासी मंडल सदस्य ओम प्रकाश सिंघानिया
एवं आईआईएम रांची के निदेशक प्रो. दीपक श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से फीता
काटकर इसका शुभारंभ किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए
निदेशक राम विलास चौधरी ने बताया कि नवस्थापित जेन-जेड पोस्ट ऑफिस को पिन
कोड 834017 आवंटित किया गया है। इससे आईआईएम रांची परिसर एवं आसपास के
क्षेत्र को आधुनिक, डिजिटल और सुदृढ़ डाक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास
मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया की परिकल्पना पर आधारित है, जिसका
उद्देश्य युवाओं को अनुभवात्मक और डिजिटल स्वरूप में डाक सेवाओं से जोड़ना
है।
