पलामू। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री डॉ एल.
मुरुगन ने तीन दिवसीय झारखंड के पलामू दौरे के आखिरी दिन बुधवार को
डालटनगंज में दूरदर्शन एवं आकाशवाणी केंद्र का निरीक्षण किया। मोहम्मदगंज
में नवनिर्मित रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया और यात्री सुविधाओं की
जानकारी ली। इस दौरान वे मेदिनीनगर सदर प्रखंड के कस्तूरबा गांधी आवासीय
विद्यालय में छात्राओं से मिले। इसके अलावा भाजपा जिला कार्यालय में अटल
जयंती पर प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। इसके बाद शाम को पटना के लिए रवाना
हो गए।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री डॉ एल मुरूगन ने
बुधवार सुबह दूरदर्शन एवं आकाशवाणी केन्द्र, डालटनगंज का दौरा किया।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का
पूरा फोकस आकाशवाणी दूरदर्शन पर है। हम उस दिशा में काम कर रहे हैं।
उन्होंने दूरदर्शन परिसर में कपूर का पौधा भी लगाया।
पलामू जिला
लोक कला संस्कृति मंच के अध्यक्ष व आकाशवाणी दूरदर्शन के कलाकार शिशिर
कुमार शुक्ला के नेतृत्व में पलामू प्रमंडल के सभी कलाकारों ने केन्द्रीय
मंत्री के समक्ष अपनी मांग को रखी। शिशिर ने कहा कि कलाकारों की बातों को
गंभीरता से सुनते हुए मंत्री ने आश्वासन दिया कि बहुत जल्द डालटनगंज के
आकाशवाणी-दूरदर्शन केन्द्र में कार्यक्रम शुरू होगा। इस ऐतिहासिक कार्य के
लिए पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम का हम सभी कलाकार आभारी हैं, जिनके अथक
प्रयास से यह संभव हुआ।
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में छात्राओं से किया संवाद
केंद्रीय
मंत्री मुरुगन ने मेदिनीनगर सदर प्रखंड के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय
में इंजीनियरिंग की तैयारी कर रही छात्राओं से प्रेरक संवाद भी किया।
पलामू जिला उपायुक्त शशि रंजन की पहल पर ‘सपनों की उड़ान’ कार्यक्रम के तहत
सदर कस्तूरबा में जिलेभर की 75 कस्तूरबा छात्राओं को इंजीनियरिंग एवं
चैनपुर कस्तूरबा में 75 छात्राओं को मेडिकल की तैयारी करायी जा रही है। इसे
देखने के लिए केंद्रीय मंत्री ने सदर कस्तूरबा का भ्रमण किया।
अटल जयंती पर प्रदर्शनी का किया शुभारंभ
केंद्रीय संसदीय एवं सूचना प्रसारण राज्य मंत्री एल मुरुगन ने भाजपा जिला
कार्यालय में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती पर उनके पूरे
जीवन वृत्त लगाई गई प्रदर्शनी का शुभारंभ एवं अवलोकन किया। मौके पर
केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि अटल के विचार, आदर्श एवं उनके द्वारा किए
गए कार्य को देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया ने भी सराहा एवं अपनाया है।
उनका पूरा जीवन राष्ट्र के प्रति समर्पित नैतिक मूल्यों पर आधारित था। हम
सभी कार्यकर्ताओं एवं नेताओं को उनकी जीवन शैली एवं चरित्र का अनुसरण करना
चाहिए।
टनल का किया बारीकी से निरीक्षण
दौरे के अंतिम दिन
एवं आखिरी समय में केन्द्रीय मंत्री ने मोहम्मदगंज में नवनिर्मित रेलवे
स्टेशन का निरीक्षण किया और यात्री सुविधाओं की जानकारी ली। उनसे मिलने बड़ी
संख्या में स्थानीय लोग भी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे, जिनको उन्होंने
सुना और आवश्यक कार्रवाई करने के लिए वहां मौजूद अधिकारियों को निर्देशित
किया। पास ही में स्थित भीम चूल्हा पर्यटन स्थल के पास बन रहे रेलवे टनल का
भी मंत्री ने दौरा किया और बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही मौजूद रेल
अधिकारियों से प्रोजेक्ट के पूरा होने की समय सीमा और अन्य पहलुओं की
जानकारी ली।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन ने अपने
तीन दिवसीय पलामू दौरे पर जिले में आकांक्षी जिला विकास कार्यक्रम के तहत
स्वास्थ और पोषण, शिक्षा, कृषि और जल संसाधन, आधारभूत संरचना, कौशल विकास
और वित्तीय समावेशन से जुड़े अभियानों की समीक्षा की और अपने विचार-सुझाव भी
साझा किए।
केंद्रीय मंत्री मुरुगन ने झारखंड के डालटनगंज में दूरदर्शन एवं आकाशवाणी केंद्र का किया निरीक्षण
