BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026: खेलगांव में सांस्कृतिक महोत्सव, मेला-सह-प्रदर्शनी और फूड कोर्ट का आयोजन


रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस 2026 एवं राज्य सरकार के द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर राज्यभर में 15 से 28 नवंबर तक स्थापना दिवस पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके तहत राजधानी रांची के खेलगांव में 26 से 28 नवंबर तक तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, झारखंड सरकार की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार इस आयोजन में आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम में प्रवेश निःशुल्क रहेगा।

महोत्सव के दौरान मेला-सह-प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसमें विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों और उपयोगी सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा जिला पवेलियन में सभी जिलों के विशिष्ट उत्पाद, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों से जुड़ी जानकारियां प्रदर्शित की जाएंगी। फूड कोर्ट में ढुस्का-घुघनी, पीठा, ढिबरी रोटी और अन्य पारंपरिक झारखंडी व्यंजनों का स्वाद भी मिलेगा।

26 नवंबर को शाम पांच बजे उद्घाटन समारोह आयोजित होगा। इसमें मंत्री दीपक बिरुआ, संजय प्रसाद यादव और दीपिका पांडेय सिंह की गरिमामयी उपस्थिति प्रस्तावित है। इसके बाद तीन दिनों तक झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक जनजातीय नृत्य, लोक संगीत और आधुनिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम के तहत 26 नवंबर को मुंडारी, नागपुरी, उरांव एवं संथाली नृत्य, सरायकेला छऊ, आधुनिक नागपुरी नृत्य और महिला बैंड की प्रस्तुतियां होंगी। 27 नवंबर को सुनिधि लाइव विशेष आकर्षण रहेंगी। इसके साथ शास्त्रीय गायन, सितार वादन, समूह गायन, नागपुरी नृत्य, घोड़ा नृत्य और पाइका नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे।

28 नवंबर को मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में इंडियन आइडल फेम अभिषेक कुमार सावंतिया की प्रस्तुति, नागपुरी एवं अन्य लोक गायन, संथाली और खोरठा वादन, जनजातीय जीवन पर आधारित नृत्य-नाटिका तथा विभिन्न बैंड की प्रस्तुतियां होंगी।

राज्य सरकार की ओर से लोगों से इस आयोजन में शामिल होकर झारखंड की सांस्कृतिक विरासत, लोककला और पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लेने की अपील की गई है। इसका उद्देश्य राज्य की विविध सांस्कृतिक पहचान को मंच प्रदान करने के साथ जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।