BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

झारखंड राज्य स्थापना दिवस परखवाड़ा-2026: खेलगांव में 26 से 28 नवंबर तक होगा तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव


रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 एवं राज्य सरकार के द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर राजधानी रांची के खेलगांव में 26 से 28 नवंबर तक तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, झारखंड सरकार की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार महोत्सव में राज्य की समृद्ध लोक संस्कृति, जनजातीय परंपराओं और कला-संगीत की विविध प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। कार्यक्रम में प्रवेश निःशुल्क रहेगा और सभी लोगों को आमंत्रित किया गया है।

26 नवंबर को सांस्कृतिक संध्या में बांसुरी वादन, मुंडारी, नागपुरी, उरांव एवं संथाली नृत्य की प्रस्तुतियां होंगी। इसके अलावा शास्त्रीय नृत्य, सरायकेला छऊ नृत्य, आधुनिक नागपुरी नृत्य और महिला बैंड की प्रस्तुति भी होगी।

27 नवंबर को विशेष आकर्षण के रूप में सुनिधि लाइव की प्रस्तुति होगी। इसके साथ शास्त्रीय गायन, सितार वादन, समूह गायन, नागपुरी नृत्य एवं गायन, घोड़ा नृत्य और पाइका नृत्य का आयोजन किया जाएगा।

28 नवंबर को मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें इंडियन आइडल फेम अभिषेक कुमार सावंतिया की विशेष प्रस्तुति और पूजा घटानी का एकल गायन होगा। इसके अलावा नागपुरी गायन, संथाली एवं खोरठा वादन, झारखंड के जनजातीय जीवन पर आधारित नृत्य-नाटिका, मयूर नृत्य तथा संथाली और लाइव बैंड की प्रस्तुतियां होंगी।

तीनों दिनों के कार्यक्रम में स्थानीय एवं राष्ट्रीय स्तर के कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस महोत्सव के माध्यम से झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोककला और पारंपरिक संगीत को मंच प्रदान किया जाएगा।

स्थान: खेलगांव, रांची
तिथि: 26 से 28 नवंबर 2026
प्रवेश: निःशुल्क