कूचबिहार, 11 अप्रैल । जिले के दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के चांदमारी इलाके में बीती रात बम धमाकों से हड़कंप मच गया। आरोप है कि बीजेपी के ग्राम पंचायत सदस्य महेश्वर बर्मन के घर पर बदमाशों ने हमला किया। इतना ही नहीं, रात करीब तीन बजे दोबारा बमबाजी और लूटपाट की घटना हुई। घटना के विरोध में शनिवार को बीजेपी नेताओं ने कोतवाली थाने में प्रदर्शन किया और बदमशों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। बाद में एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात भी किया।
जानकारी के मुताबिक, चांदमारी इलाके में बीजेपी उम्मीदवार रथींद्रनाथ बसु का चुनावी कार्यक्रम तय था, जिसकी शुरुआत पीड़ित के घर से होनी थी। इससे पहले ही हुए हमले को बीजेपी ने सुनियोजित बताया है। रथींद्रनाथ बसु ने तृणमूल कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि तृणमूल डर के कारण उनके कार्यकर्ताओं पर हमला कर रही है और पुलिस निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रही।
वहीं, तृणमूल कांग्रेस के जिला अध्यक्ष और उम्मीदवार अभिजीत दे भौमिक ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे “राजनीतिक ड्रामा” बताया। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से साजिश के तहत रचा गया मामला है और बीजेपी सहानुभूति पाने की कोशिश कर रही है।
फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पूरे मामले की जांच जारी है। चुनावी माहौल में इस तरह की घटनाओं से आम लोगों में डर का माहौल बनता जा रहा है।






