BREAKING NEWS

logo

(कैबिनेट) स्टार्टअप इंडिया फंड ऑफ फंड्स 2.0 को मंजूरी


नई दिल्‍ली,   प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शनिवार को देश के स्टार्टअप इकोसिस्टम के लिए वेंचर कैपिटल जुटाने के उद्देश्य से 10 हजार करोड़ रुपये कोष के साथ स्टार्टअप इंडिया फंड ऑफ फंड्स 2.0 की स्थापना को मंजूरी दे दी।

इस योजना का उद्देश्य दीर्घकालिक घरेलू पूंजी जुटाकर, वेंचर कैपिटल इकोसिस्टम को मजबूत करके और देश भर में नवाचार-आधारित उद्यमिता का समर्थन करके भारत की स्टार्टअप यात्रा के अगले चरण को गति देना है।

स्टार्टअप इंडिया पहल के तहत शुरू किया गया स्टार्टअप इंडिया एफओएफ 2.0 भारत को दुनिया के अग्रणी स्टार्टअप देशों में से एक बनाने के लिए लगभग एक दशक से किए जा रहे निरंतर प्रयासों पर आधारित है।

उल्‍लेखनीय है कि 2016 में स्टार्टअप इंडिया के लॉन्च के बाद से भारत के स्टार्टअप इकोसिस्टम में असाधारण परिवर्तन देखने को मिला है, जो 500 से भी कम स्टार्टअप से बढ़कर आज उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग द्वारा मान्यता प्राप्त 2 लाख से अधिक स्टार्टअप तक पहुंच गया है।