BREAKING NEWS

logo

6 किलो गांजे के साथ दो महिला तस्कर गिरफ्तार


भागलपुर, 18 मार्च । रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस ने एक बार फिर आपसी समन्वय का शानदार उदाहरण पेश किया है भागलपुर रेलवे स्टेशन पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान बुधवार को पुलिस ने दो महिला तस्करों को भारी मात्रा में गांजे के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार दोनों महिलाओं के पास से कुल 6 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। गिरफ्तार महिलाएं भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल के छोटी परबत्ता इस्माइलपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे इस गांजे की खेप को दिल्ली ले जाने की फिराक में थीं।

मामले को लेकर रेल एसपी ने बताया कि पिछले 15 दिनों से आरपीएफ और जीआरपी के बीच बेहतर तालमेल के कारण अवैध गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी पुलिस ने हथियारों की बड़ी खेप बरामद की थी और सुल्तानगंज में एक चेन स्नैचर को गिरफ्तार किया गया था।

रेल एसपी ने कहा कि बेहतर समन्वय से हमेशा बेहतर परिणाम मिलते हैं और पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इन महिलाओं के पीछे कौन सा बड़ा गिरोह सक्रिय है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या ये महिलाएं पहले भी तस्करी में शामिल रही हैं या केवल कैरियर के रूप में काम कर रही थीं।