बिहार में सुपौल जिले के भारत-नेपाल सीमा स्थित भीमनगर थाना क्षेत्र के शिवनगर माइनर के पास एक कार और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर एनएच-106 भीमनगर–राघोपुर सड़क से करीब पांच फीट गहरे खेत में जा गिरी, जिससे दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की सूचना मिलते ही भीमनगर थाना अध्यक्ष मनीष कुमार, एसआई पंकज कुमार और एसआई बिपिन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत वीरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टर सुमन सौरभ ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। इलाज के दौरान एक घायल की स्थिति गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घायलों की पहचान दिनवंती पंचायत के वार्ड-2 कटैया 22 आरडी निवासी 42 वर्षीय विनोद मुखिया, छातापुर थाना क्षेत्र के तिलाठी वार्ड-13 निवासी 65 वर्षीय कमलेश्वरी यादव और नेपाल के सप्तरी जिला के हनुमाननगर भरदह कंकाली मंदिर वार्ड-3 निवासी 65 वर्षीय कुंदन यादव के रूप में हुई है।भीमनगर थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
भारत-नेपाल सीमा के भीमनगर में कार-बाइक की टक्कर में तीन घायल, एक की हालत गंभीर





