BREAKING NEWS

logo

सहयोग शिविर में पहुंचे डीएम, जिले में अब तक 8663 आवेदनों का हुआ निष्पादन


कटिहार, 07 जुलाई। सरकारी योजनाओं का लाभ आमजनों तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं के त्वरित निष्पादन के लिए मंगलवार को मनिहारी प्रखंड के दक्षिणी कांटाकोष पंचायत भवन परिसर में 'सहयोग शिविर' का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने खुद इस शिविर में शिरकत कर लोगों की समस्याएं सुनीं और निष्पादित मामलों के लाभुकों को अपने हाथों से प्रमाण पत्र सौंपे। जिले में इस तरह के शिविरों के माध्यम से अब तक प्राप्त कुल 10,005 आवेदनों में से 8,663 मामलों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया जा चुका है।

जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने शिविर में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का निदान कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों को आश्वासन दिया कि किसी भी व्यक्ति की परेशानी को अधिकतम 30 दिनों के अंदर दूर किया जाएगा। इसके साथ ही, उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त जो भी आवेदन शेष रह गए हैं, उनका शीघ्र निष्पादन कर 'सेवा संवाद समाधान' पोर्टल पर अपडेट किया जाए।

ज्ञात हो कि राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं से संबंधित समस्याओं के निवारण के लिए जिले के विभिन्न पंचायतों में हर महीने के प्रथम और तृतीय मंगलवार को 'सहयोग शिविर' का आयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को अपनी शिकायतें, समस्याएं और सुझाव सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर देना तथा उनका समयबद्ध निवारण सुनिश्चित करना है।

इन शिविरों में मुख्य रूप से राजस्व और सामान्य प्रशासन से जुड़े मामले जैसे- दाखिल-खारिज, परिमार्जन, भू-स्वामित्व प्रमाण पत्र, आवास, पेंशन, राशन कार्ड, जॉब कार्ड, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र और मुख्यमंत्री परिवहन योजना से संबंधित कार्य किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग से जुड़े मामले यथा- एफआईआर, पारिवारिक विवाद, चरित्र सत्यापन और महिला सुरक्षा जैसी शिकायतों की भी सुनवाई की जा रही है।

मंगलवार को दक्षिणी कांटाकोष में आयोजित इस शिविर में जिलाधिकारी के साथ कटिहार के अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, मनिहारी के अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित कई अन्य नोडल पदाधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।