BREAKING NEWS

logo

जमुई में गैस एजेंसियों की मनमानी पर डीएम सख्त,जिले भर में सघन छापेमारी से हड़कंप


•आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित होने के बीच कालाबाजारी रोकने को प्रशासन मुस्तैद,'आवश्यक वस्तु अधिनियम' के तहत होगी कार्रवाई।•

  -मुकेश कुमार-
पटना(बिहार ब्यूरो)।दक्षिण-पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण प्रभावित हुई वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला के बीच जमुई जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए कमर कस ली है।जिले में रसोई गैस (LPG)की कृत्रिम किल्लत पैदा करने और कालाबाजारी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला पदाधिकारी श्री नवीन के निर्देश पर पूरे जिले में वितरकों के खिलाफ व्यापक जांच अभियान छेड़ दिया गया है।जिलाधिकारी के सख्त तेवर को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में विभिन्न प्रखंडों के आपूर्ति पदाधिकारियों ने गैस एजेंसियों पर अचानक दबिश दी।प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि युद्ध जैसी परिस्थितियों का लाभ उठाकर कोई बिचौलिया या वितरक जनता का शोषण न कर सके।

•इन प्रखंडों में हुई सघन जांच•

चकाई:प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मुकेश कुमार ने शिव इंडेन,कृष्णा गैस और मनोरमा भारत गैस के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

सिकंदरा:आपूर्ति पदाधिकारी साधना सिंह ने सिमरिया के महादेव इंडेन और कुमार स्थित राजलक्ष्मी भारत गैस के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया।

खैरा व सोनो:सीताराम भारत गैस और सोनो में गौरी इंडेन व दर्शन भारत गैस की वितरण पंजी का मिलान किया गया।

अलीगंज:अलीगंज के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी,सन्नी कुमार दिवाकर के द्वारा अलीगंज इंडेन और नवाज भारत ग्रामीण वितरक केंद्रों पर स्टॉक और आपूर्ति व्यवस्था की गहन जांच की गई।

•ओवरचार्जिंग और होम डिलीवरी पर पैनी नजर•

जांच दलों को मुख्य रूप से तीन बिंदुओं पर रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है:-

निर्धारित मूल्य से अधिक की वसूली(ओवरचार्जिंग)।

होम डिलीवरी की स्थिति।

स्टॉक रजिस्टर और वास्तविक स्टॉक का मिलान।

["जिले के प्रत्येक नागरिक को समय पर और सही दाम पर रसोई गैस उपलब्ध कराना वितरकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।यदि किसी भी स्तर पर कालाबाजारी या अनियमितता पाई गई,तो 'आवश्यक वस्तु अधिनियम' के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।बिचौलियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।"
—श्री नवीन,जिला पदाधिकारी,जमुई]

जिला प्रशासन की इस कार्रवाई से जिले के गैस वितरकों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान केवल सांकेतिक नहीं है,बल्कि आने वाले दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा ताकि आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।