सिलीगुड़ी, 17 अप्रैल। सिलीगुड़ी के ईस्टर्न बाईपास के पास बानेश्वर मोड़ इलाके में एक बिरयानी दुकान में शुक्रवार को गैस सिलेंडर से आग लगने की घटना से अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को दुकान में खाना बनाते समय अचानक गैस लीक होने से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए।
स्थानीय लोगों की तत्परता से दुकान के अंदर रखे चार गैस सिलेंडरों को बाहर निकाला गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। उनकी कोशिशों से आग काफी हद तक नियंत्रित कर ली गई।
बाद में मौके पर दमकल की एक गाड़ी पहुंची, साथ ही आशिघर पुलिस चौकी और ट्रैफिक पुलिस के कर्मी भी मौजूद रहे। दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
हालांकि, स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि दमकल की टीम करीब आधे घंटे की देरी से पहुंची, जिससे नाराजगी देखी गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई बड़ा नुकसान या जनहानि नहीं हुई, हालांकि दुकान में मामूली क्षति हुई है।





