सीवान, सीवान जिले के आंदर थाना क्षेत्र के छजवा गांव स्थित
सोना नदी में रविवार देर रात डूबने से एक युवक की मौत हो गई।
मृतक
छजवा गांव निवासी जनार्दन प्रसाद के 31 वर्षीय पुत्र अखिलेश कुमार है।
घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा
पसर गया।
परिजन के अनुसार, अखिलेश कुमार रविवार की शाम शौच के लिए
सोना नदी की ओर गए थे। इसी दौरान नदी किनारे उनका पैर फिसल गया और वे गहरे
पानी में चले गए, जिससे डूबने से उनकी मौत हो गई। देर रात तक घर वापस नहीं
लौटने पर परिजन ने खोजबीन शुरू की। काफी तलाश के बाद नदी किनारे उनका शव
मिला.
घटना की सूचना मिलते ही आंदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची
और मामले की जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज
दिया है।
मृतक अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। वे मजदूरी कर
अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी आरती देवी, दो
पुत्रियां प्रीति और प्रियंका तथा एक पुत्र अभिषेक हैं। पति की असमय मौत से
आरती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं मासूम बच्चों के सिर से पिता का
साया उठ गया।
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व जिला पार्षद योगेंद्र
यादव, माले नेता कृष्णा राम, मुकेश कुमार और अजीत पासवान सहित कई
जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने
हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।





