रांची, झारखंड नगर निकाय चुनाव के लिए आज सुबह सात बजे
मतदान शुरू हो गया।। झारखंड के 48 नगर निकाय क्षेत्रों में मतदाता अपने
मताधिकार का प्रयोग कर रहे है। मतदान शाम 5:00 तक चलेगा। राज्य चुनाव आयोग
के सचिव राधेश्याम प्रसाद ने बताया कि राज्य के 4307 मतदान केंद्रों पर
मतदान जारी है। इसमें 2134 संवेदनशील केंद्र और 896 अति संवेदनशील मतदान
केंद्र हैं। अभी तक कहीं से भी कोई अप्रिय समाचार नहीं है।
पुरुष
मतदाताओं की संख्या 22 11 781 और महिला मतदाताओं की संख्या 2131370 है।
थर्ड जेंडर 144 मतदाता हैं। मेयर और अध्यक्ष पद के लिए 562 उम्मीदवार
मैदान में हैं, वहीं 5562 उम्मीदवार वार्ड पार्षद पद के लिए चुनाव लड़ रहे
हैं। सभी 6124 उम्मीदवार का राजनीतिक भविष्य शाम पांच बजे 8608 मतपेटियों
में कैद हो जाएगा। इस बार राज्य के नौ नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर
पंचायतों में चुनाव हो रहा है। मेयर और अध्यक्ष के 48 पदों तथा वार्ड
पार्षद के 1042 पदों के लिए मतदान चल रहा। वहीं 41 वार्ड पार्षद निर्विरोध
चुने जा चुके हैं, जबकि तीन वार्डो में किसी ने नामांकन दाखिल नहीं किया।
मतदान
के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल
तैनात किए गए हैं। संवेदनशील और अति-संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखी
जा रही है। राज्य सरकार ने मतदान वाले क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश की
घोषणा की है। मतगणना 27 फरवरी को होगी।
यह चुनाव गैरदलीय आधार पर हो
रहा है, यानी उम्मीदवार किसी पार्टी के सिंबल पर नहीं बल्कि व्यक्तिगत तौर
पर मैदान में हैं। मतदाता मेयर और पार्षद दोनों पदों के लिए वोट डालेंगे।
मेयर के लिए गुलाबी रंग का बैलेट पेपर दिया जा रहा है, जबकि पार्षद के लिए
सफेद रंग का बैलेट पेपर इस्तेमाल हो रहा है। खास बात यह है कि इस बार नोटा
का विकल्प उपलब्ध नहीं है।




