अरका जैन यूनिवर्सिटी : कारीगर बनेंगे कारोबारी, विश्वविद्यालय में प्रशिक्षण शुरू
वस्त्र मंत्रालय के सहयोग से हस्तशिल्पियों को मिल रहा बाजार, बैंकिंग और ब्रांडिंग का विशेष प्रशिक्षण
जमशेदपुर : लौहनगरी जमशेदपुर स्थित अरका जैन यूनिवर्सिटी (एजेयू) में मंगलवार को छह दिवसीय उद्यमिता शिविर आरंभ हुआ। यह विशेष प्रशिक्षण शिविर केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय की ओर से प्रायोजित है। यूनिवर्सिटी का फैशन डिजाइन विभाग एवं स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज इस कार्यक्रम की मेजबानी कर रहे हैं। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य झारखंड के शिल्पकारों और कारीगरों को उद्यमिता, मार्केटिंग, वित्त, बैंकिंग और निर्यात से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर और बाजार के अनुरूप सक्षम बनाना है। इसलिए उन्हें इस कार्यक्रम से सीधे जोड़ा गया है।
Arka Jain EDP: दीप प्रज्वलन के साथ भव्य शुभारंभ
उद्घाटन समारोह का माहौल काफी उल्लासपूर्ण रहा। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर शुरुआत की। छात्राओं ने शानदार स्वागत नृत्य पेश किया। वस्त्र मंत्रालय (हस्तशिल्प) के क्षेत्रीय निदेशक संदीप कुमार मौजूद थे। टाटा स्टील फाउंडेशन की प्रतिनिधि स्मिता वर्मा भी पहुंचीं। विश्वविद्यालय के प्रो वाइस-चांसलर डॉ. अंगद तिवारी ने विचार रखे। मंच पर कई अन्य शिक्षाविद भी उपस्थित थे। सभी ने शिल्पकारों के विकास पर बल दिया।
Arka Jain EDP: सरकारी योजनाओं और निर्यात की मिलेगी जानकारी
विशेषज्ञों ने कारीगरों को नई राह दिखाई। संदीप कुमार ने सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने जीएसटी और बैंकिंग का महत्व समझाया। स्मिता वर्मा ने महिला उद्यमियों की ताकत रेखांकित की। डॉ. अंगद तिवारी ने भारतीय ज्ञान प्रणाली पर जोर दिया। स्थानीय कला को बड़ा मंच मिलेगा। वैश्विक बाजार तक कारीगरों की पहुंच बनेगी।
दस अक्टूबर तक चलेंगे विभिन्न तकनीकी सत्र
यह कार्यशाला आर्यभट्ट ब्लॉक में आयोजित है। प्रशिक्षण आगामी दस अक्टूबर तक चलेगा। हर दिन अलग-अलग विषय तय हैं। पहले दिन मार्केटिंग और डिजाइन पर चर्चा हुई। अगले दिन वित्त और बैंकिंग की बारी है। सात अक्टूबर को उद्यम विकास सिखाया जाएगा। इसके बाद निर्यात प्रबंधन की बारी आएगी। अंतिम दो दिन डिजाइन इनोवेशन पर सत्र होंगे। कारीगरों ने इस पहल का स्वागत किया।





