BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

पंडित दीनदयाल जयंती पर ब्राइट स्टार स्कूल में कार्यक्रम, एकात्म मानववाद और अंत्योदय के विचारों से रूबरू हुए छात्र


मेदिनीनगर : एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर भाजपा नगर मंडल मेदिनीनगर की ओर से ब्राइट स्टार स्कूल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन, विचारों एवं राष्ट्रहित में उनके योगदान से विद्यालय के छात्र-छात्राओं को अवगत कराया गया। इस दौरान उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नगर मंडल मेदिनीनगर के अध्यक्ष श्रावण गुप्ता ने की, जबकि संचालन मंडल महामंत्री प्रिय रंजन पाठक ने किया। भाजपा पलामू प्रमंडल सोशल मीडिया इंचार्ज एवं पूर्व जिला मंत्री सोमेश सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय दूरदर्शी विचारक और राष्ट्रभक्त थे। उनके द्वारा प्रतिपादित ‘एकात्म मानववाद’ एवं ‘अंत्योदय’ का विचार समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान और सम्मान पर केंद्रित था।

उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार आज भी राष्ट्र निर्माण, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की दिशा में प्रेरणा प्रदान करते हैं।

मंडल अध्यक्ष श्रावण गुप्ता ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन सादगी, चिंतनशीलता, निस्वार्थ राष्ट्रसेवा और समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के प्रति समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि ‘अंत्योदय’ के माध्यम से पंडित दीनदयाल ने समाज के सबसे पिछड़े और वंचित व्यक्ति को विकास की प्राथमिकता में रखने का संदेश दिया।

भाजपा उपाध्यक्ष सुधांशु शेखर ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन राष्ट्र की निस्वार्थ सेवा, सादगी, ईमानदारी और सिद्धांतों के प्रति अटूट निष्ठा का उदाहरण है। 
उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है, ताकि युवा राष्ट्र और समाज के प्रति सकारात्मक योगदान के लिए प्रेरित हो सकें।
कार्यक्रम में मनीष बर्मन, उमेश रजक, शम्भू प्रसाद, मंगल पासवान सहित भाजपा के अनेक कार्यकर्ता, विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र एवं समाज के प्रति सकारात्मक योगदान देने का संदेश दिया गया। भाजपा नगर मंडल के सभी बूथों पर भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मनाई गई।