सोशल मीडिया के दौर में साहित्य को साझा मंच दे रही है "साहित्यसिंधिका"
देशभर के लेखकों और साहित्यप्रेमियों को जोड़ने की पहल, ‘एक मंच, अनेक अभिव्यक्तियां’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा साहित्यिक मंच
आज सोशल मीडिया केवल मनोरंजन और सूचनाओं के आदान-प्रदान का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि साहित्य और रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए भी एक महत्वपूर्ण मंच बनकर उभरा है. बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं, जिनकी रुचि हिंदी साहित्य, कविता, लेखन और विचारों की दुनिया में है. इसी संभावनाओं को पहचानते हुए ‘साहित्यसिंधिका’ देश के लेखकों, रचनाकारों और साहित्य के प्रति रुचि रखने वाले लोगों को एक साझा मंच से जोड़ने का प्रयास कर रहा है. साहित्यसिंधिका का उद्देश्य उन लोगों को अपनी बात रखने का अवसर देना है, जिनके भीतर साहित्य के प्रति लगाव है और जो अपनी रचनाओं, विचारों तथा अभिव्यक्तियों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना चाहते हैं. इस पहल के माध्यम से लेखकों और साहित्यप्रेमियों को अपनी कविताएं, मौलिक रचनाएं, साहित्यिक विचार और वीडियो साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है. मंच इन अभिव्यक्तियों को रचनाकारों के नाम और परिचय के साथ अपने सोशल मीडिया माध्यमों पर प्रस्तुत करने की दिशा में काम कर रहा है.
साहित्य से जुड़ने की इच्छा रखने वालों के लिए अवसर
साहित्यसिंधिका की सह-संस्थापिका अंजना सिंह बताती हैं कि आज सोशल मीडिया पर साहित्यप्रेमियों की कमी नहीं है. बड़ी संख्या में युवा और अन्य आयु वर्ग के लोग हिंदी साहित्य से जुड़ रहे हैं और अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से इस क्षेत्र में योगदान देना चाहते हैं. ऐसे लोगों के साथ जुड़कर हिंदी साहित्य के लिए काम करते रहना एक अच्छा विकल्प है. वो बताती हैं कि कई बार लोगों के भीतर विचार और भावनाएं तो होती हैं, लेकिन उन्हें सार्वजनिक रूप से व्यक्त करने में झिझक या असहजता महसूस होती है. साहित्य ऐसी भावनाओं और विचारों को अभिव्यक्ति देने में सहायक बनता है. एक साझा साहित्यिक मंच इस झिझक को कम करने और लोगों को अपनी बात सामने रखने का अवसर देने का माध्यम बन सकता है.
युवाओं की सक्रियता से बढ़ रही उम्मीद
अंजना सिंह के कहा कि आज के युवा साहित्यिक गतिविधियों में काफी सक्रिय हैं. वे कविता, लेखन, पुस्तकों और सामाजिक विषयों से जुड़े विचारों को डिजिटल माध्यमों पर साझा कर रहे हैं. ऐसे रचनात्मक लोगों को एक-दूसरे से जोड़ना और उनकी अभिव्यक्ति को पाठकों तक पहुंचाना समय की जरूरत है. साहित्यसिंधिका इसी दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है, ताकि साहित्य केवल पुस्तकों तक सीमित न रहे, बल्कि आम लोगों और नई पीढ़ी के बीच भी अपनी जगह बनाए. ‘एक मंच, अनेक अभिव्यक्तियां’ के विचार के साथ साहित्यसिंधिका अधिक से अधिक साहित्यप्रेमियों और रचनात्मक व्यक्तित्वों को अपने साथ जोड़ने पर काम कर रहा है. मंच की कोशिश है कि अलग-अलग क्षेत्रों में रहकर लिखने और साहित्य में रुचि रखने वाले लोगों को अपनी प्रतिभा साझा करने का अवसर मिले. इसके माध्यम से हिंदी साहित्य के प्रति रुचि को बढ़ावा देने के साथ नई आवाजों और विचारों को भी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है.





