BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

पुलिस अधिकारियों से मिला मारवाड़ी सम्मेलन का प्रतिनिधिमंडल, प्रशासनिक सहयोग का मिला आश्वासन


जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के जिला अध्यक्ष मुकेश मित्तल के नेतृत्व में सम्मेलन के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जमशेदपुर के नगर पुलिस अधीक्षक श्री ललित मीणा एवं जमशेदपुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक श्री शुभम खंडेलवाल से शिष्टाचार भेंट की।

सर्वप्रथम प्रतिनिधिमंडल ने नगर पुलिस अधीक्षक श्री ललित मीणा से मुलाकात कर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। इस दौरान सम्मेलन के पदाधिकारियों ने पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन की कार्यशैली, संगठनात्मक गतिविधियों, सदस्यों तथा जमशेदपुर महानगर क्षेत्र में सम्मेलन द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं जनहित के कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।

श्री ललित मीणा ने सम्मेलन की सामाजिक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि समाजहित में किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं। उन्होंने विधि-व्यवस्था एवं अन्य प्रशासनिक विषयों में सम्मेलन को हरसंभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।

इसके उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने जमशेदपुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक श्री शुभम खंडेलवाल से मुलाकात की और उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में सम्मेलन की गतिविधियों, संगठन के विस्तार तथा विभिन्न क्षेत्रों में सम्मेलन की शाखाओं एवं सामाजिक कार्यों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।

प्रतिनिधिमंडल में पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के संरक्षक कृष्णा भालोटिया, महामंत्री प्रदीप मिश्रा, संयुक्त महासचिव आकाश शाह, पंचायत समिति संयोजक सुरेश अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, श्याम सुंदर अग्रवाल, प्रकाश अग्रवाल, कैलाश केवलका सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।