ग्रामीणों की मांग पर 24 घंटे में मिला नया ट्रांसफार्मर, बाकुडीह में लौटी बिजली की रोशनी
उदय किशोर सिंह
जामताड़ा। नारायणपुर प्रखंड के बाकुडीह गांव में ग्रामीणों की बिजली समस्या का 24 घंटे के भीतर समाधान करते हुए नया ट्रांसफार्मर लगाया गया। बुधवार को जिला परिषद अध्यक्ष दीपिका बेसरा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के प्रतिनिधि अजहरुद्दीन ने फीता काटकर नए ट्रांसफार्मर का उद्घाटन किया। ट्रांसफार्मर चालू होते ही ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के प्रति आभार जताते हुए उनके समर्थन में नारे लगाए।
जिला परिषद अध्यक्ष दीपिका बेसरा ने कहा कि ग्रामीणों द्वारा बिजली की समस्या से अवगत कराए जाने के बाद मंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए एक दिन के भीतर नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया। उन्होंने कहा कि मंत्री क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर हैं और सभी वर्गों के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं।
मंत्री के प्रतिनिधि अजहरुद्दीन ने कहा कि बाकुडीह में सड़क निर्माण का कार्य भी मंत्री की पहल से हुआ है। ग्रामीणों की मांग पर जल्द पीसीसी सड़क और छठ घाट निर्माण की दिशा में पहल की जाएगी।
मौके पर अंगद मिर्धा, निशापति हांसदा, नईम अंसारी, विमल चंद्र दत्ता, रंजीत रोज, मनोज पंडित, विभीषण पंडित, मितान यादव, विकास दत्ता, बलदेव हांसदा, हेमंत सोरेन, शिवलाल हेंब्रम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।






