भुरकुंडा। पटेलनगर स्थित श्री अग्रसेन स्कूल में शनिवार को सीबीएसई की त्रिस्तरीय भाषा सिस्टम के अंतर्गत संस्कृत भारती झारखंड द्वारा बच्चों के बीच संस्कृत के प्रति रुचि जगाने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें छठीं से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों में संस्कृत भाषा के प्रति रुचि विकसित करते हुए संस्कृत को सरल एवं सहज तरीके से सीखने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन संस्था के ज्ञान ब्रह्म पाठक, गोविंद मेवाड़, डॉ सुनील कश्यप, स्कूल के निदेशक प्रवीण राजगढ़िया और प्राचार्य विवेक प्रधान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पूर्व अतिथियों को अंगवस्त्र और पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विद्यार्थियों को संस्कृत भाषा के महत्व और भारतीय संस्कृति में इसके योगदान से अवगत कराते हुए संस्कृत पढ़ने, बोलने और लिखने के प्रति आत्मविश्वास बढ़ाने का प्रयास किया। मौके पर ज्ञान ब्रह्म पाठक ने कहा कि संस्कृत केवल एक प्राचीन भाषा नहीं, बल्कि भारतीय ज्ञान, संस्कृति और परंपरा की महत्वपूर्ण आधारशिला है। इसे सरल तरीके से बच्चों तक पहुंचाने से नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से और मजबूती से जुड़ सकती है। निदेशक प्रवीण राजगढ़िया ने कहा कि संस्कृत भारती झारखंड के इस प्रयास से विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनमें भारतीय संस्कृति और भाषायी विरासत के प्रति सम्मान भी विकसित होगा।







