मंत्री के प्रयास से बेड़ो के लमकाना में 24 घंटे के अंदर ट्रांसफार्मर बदला, ग्रामीणों को राहत
संवाददाता विकास कुमार
बेड़ो: प्रखंड के लमकाना गांव में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और मुखिया सह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बुधराम बाड़ा के प्रयास से 100 केवी का नया ट्रांसफार्मर लगाया गया। ट्रांसफार्मर जल जाने से ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं को काफी परेशानी हो रही थी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना मुखिया बुधराम बाड़ा को दी, जिसके बाद उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों से बात कर मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की को जानकारी दी। मंत्री और मुखिया के पहल पर विभाग ने 24 घंटे के अंदर नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया। रविवार को मुखिया बुधराम बाड़ा ने फीता काटकर नए ट्रांसफार्मर का उद्घाटन कर उसे चालू कराया। इस कार्य के लिए ग्रामीणों ने मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और मुखिया बुधराम बाड़ा को धन्यवाद दिया। ग्रामीणों ने कहा कि मंत्री अपने विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं के निराकरण और विकास के लिए संकल्पित हैं। मौके पर गांव के कई ग्रामीण उपस्थित थे।





