सीसीएल कर्मचारी साख सहयोग समिति के चुनाव में उदय प्रताप सिंह ने मारी बाजी, भरत विश्वकर्मा बने कोषाध्यक्ष
बरकाकाना। सीसीएल कर्मचारी साख सहयोग समिति लिमिटेड बरकाकाना का बहुप्रतीक्षित आम चुनाव बुधवार को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष माहौल में संपन्न हो गया। चुनाव परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। चुनाव में विभिन्न पदों के लिए प्रत्याशियों के बीच दिलचस्प मुकाबला हुआ।
अवैतनिक सचिव पद के लिए पांच प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे। इनमें उदय प्रताप नारायण सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 17 मतों से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। वहीं अवैतनिक कोषाध्यक्ष पद पर भरत विश्वकर्मा को विजयी घोषित किया गया। इस पद के लिए कुल तीन प्रत्याशियों ने अपनी दावेदारी पेश की थी।
कार्यकारिणी समिति के गठन में महिला प्रत्याशियों का भी दबदबा रहा। पांच पदों पर सरस्वती सोरेन, तेतरी देवी, अनिता कुमारी, सुनीता कुमारी एवं प्रीति कुमारी निर्विरोध निर्वाचित हुईं। वहीं शेष तीन कार्यकारिणी सदस्य पदों के लिए सात प्रत्याशियों के बीच मुकाबला हुआ। मतगणना के बाद चुनाव पर्यवेक्षक ने मनमोहन स्वांई, महेंद्र राम बेदिया एवं धनेश्वर उरांव को विजयी घोषित किया। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक एवं चुनावी टीम पूरी तरह मुस्तैद रही। इस दौरान चुनाव पर्यवेक्षक सुरेंद्रनाथ तिवारी, चुनाव पदाधिकारी अमृता खलखो,दंडाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, बरकाकाना ओपी प्रभारी रोशन बाड़ा, एसआई राजेंद्र उरांव एवं सहायक अवर निरीक्षक अरविंद सिंह मौजूद रहे। चुनाव परिणाम के साथ ही समिति की नई कार्यकारिणी के गठन का रास्ता साफ हो गया है। अब नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से कर्मचारियों को समिति के संचालन, पारदर्शिता और हितों की रक्षा को लेकर नई उम्मीदें हैं।





