रांची के पुंदाग में युवक का शव बरामद, ट्रेन की चपेट में आने से मौत की आशंका
रांची, 17 फरवरी (राएस)। रांची के पुंदाग थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बबलू गंजू के रूप में हुई है, जो पुंदाग इलाके में अपने परिवार के साथ किराये के मकान में रहता था।
पुलिस की पूछताछ में परिजनों ने बताया कि बबलू गंजू देर रात शौच के लिए घर से बाहर निकला था, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद उसका शव रेलवे ट्रैक के पास बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुंदाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की पत्नी से भी पूछताछ की गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पूरी तरह पुष्टि हो सकेगी।
पुलिस ने कहा कि मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





