बाजार की गिरावट से निवेशकों के 10.10 लाख करोड़ रुपये डूूबे
नई
दिल्ली, पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण घरेलू शेयर
बाजार आज लगातार तीसरे कारोबारी दिन बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ। बाजार के
प्रमुख सूचकांक आज दबाव के साथ खुले। दोपहर 12 बजे तक बाजार में कोई खास
रिकवरी नजर नहीं आई। इसके बाद दिन के दूसरे सत्र में खरीदारों ने लिवाली का
जोर बनाया, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक निचले स्तर से
काफी हद तक रिकवर करने में सफल रहे। हालांकि आखिरी आधे घंटे के कारोबार में
एक बार फिर बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से दोनों सूचकांकों में एक
बार फिर गिरावट आ गई। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.40 प्रतिशत और
निफ्टी 1.55 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।
आज पूरे दिन के
कारोबार के दौरान इंफ्रास्ट्रक्चर, पीएसयू बैंक, रियल्टी और मीडिया सेक्टर
के शेयरों में जम कर बिकवाली होती रही। इसी तरह ऑयल एंड गैस, ऑटोमोबाइल,
मेटल, आईटी, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्यूरेबल, एफएमसीजी, हेल्थकेयर और
पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी गिरावट के साथ बंद हुए। सिर्फ बीएसई
का टेक इंडेक्स आज के कारोबार में खरीदारी के सपोर्ट की वजह से 0.48
प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहा। ब्रॉडर मार्केट में भी आज
लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 2.16
प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 1.55
प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार
में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में दस लाख
करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का
मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 446.80 लाख करोड़ रुपये
(अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को इनका मार्केट
कैपिटलाइजेशन 456.90 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार
से करीब 10.10 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।
आज दिन भर के
कारोबार में बीएसई में 4,433 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,052
शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 3,237 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं
144 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,964 शेयरों में
एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 525 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और
2,439 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में
शामिल 30 शेयरों में से 3 शेयर बढ़त के साथ और 27 शेयर गिरावट के साथ बंद
हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 4 शेयर हरे निशान में और 46
शेयर लाल निशान में बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 1,710.03 अंक की
गिरावट के साथ 78,528.82 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही
लिवालों और बिकवालों के बीच एक दूसरे पर हावी होने की कोशिश शुरू हो गई,
जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में उतार-चढ़ाव होने लगा। बिकवाली का दबाव
बनने पर सेंसेक्स 1,795.65 अंक गिर कर 78,443.20 अंक के स्तर तक आ गया।
दिन
के दूसरे सत्र में खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसकी वजह से इस
सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। खरीदारी के सपोर्ट से शाम तीन बजे के
करीब यह सूचकांक निचले स्तर से 1,084.51 अंक की रिकवरी कर 711.44 अंक की
कमजोरी के साथ 79,527.41 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद बाजार में एक बार
फिर बिकवाली का दबाव बन गया, जिसके कारण सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से
411.22 अंक टूट कर 1,122.66 अंक की गिरावट के साथ 79,116.19 अंक के स्तर पर
बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 476.90 अंक
लुढ़क कर 24,388.80 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के
बाद तेजड़ियों और मंदड़ियों के बीच खींचतान शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस
सूचकांक की चाल भी ऊपर नीचे होने लगी। बिकवाली का दबाव बनने पर निफ्टी
560.30 अंक फिसल कर 24,305.40 अंक के स्तर तक आ गया। दोपहर 12 बजे के बाद
खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में
सुधार होने लगा।
लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से शाम तीन बजे के
करीब यह सूचकांक निचले स्तर से 297.05 अंक सुधर कर 263.25 अंक की कमजोरी
के साथ 24,602.45 अंक के स्तर तक पहुंचने में सफल रहा। इसके बाद बाजार में
एक बार फिर बिकवाली का दबाव बन गया। आखिरी आधे घंटे के कारोबार में हुई
बिकवाली के कारण निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से 175.10 अंक फिसल कर 385.20 अंक
की गिरावट के साथ 24,480.50 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिन भर हुई
खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से कोल इंडिया
2.09 प्रतिशत, भारती एयरटेल 1.75 प्रतिशत, इंफोसिस 1.44 प्रतिशत और टेक
महिंद्रा 0.43 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप गेनर्स की सूची में
शामिल हुए। दूसरी ओर, टाटा स्टील 6.77 प्रतिशत, टीएमपीवी 5.23 प्रतिशत,
एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस पांच प्रतिशत, लार्सन एंड टूब्रो 4.53 प्रतिशत और
जेएसडब्ल्यू स्टील 4.28 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की
सूची में शामिल हुए।
घरेलू शेयर बाजार पर पश्चिम एशिया तनाव का असर, लगातार तीसरे दिन बड़ी गिरावट





