पटना, बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) के अध्यक्ष हर्षवर्धन ने आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में वैभव की ऐतिहासिक पारी को भारतीय क्रिकेट और बिहार दोनों के लिए गर्व का क्षण बताया है। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में बड़े मंच पर दिखाया गया धैर्य, निडरता और आत्मविश्वास वैभव की असाधारण प्रतिभा और मजबूत मानसिकता को दर्शाता है।
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ वैभव ने शुक्रवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए तूफानी शतक जड़ा। उन्होंने महज 55 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल इतिहास का सबसे तेज शतक है।
बीसीए अध्यक्ष हर्षवर्धन ने कहा, “वैभव की यह ऐतिहासिक पारी भारतीय क्रिकेट और बिहार के लिए बेहद गर्व का क्षण है। इतनी कम उम्र में उनका संयम, निडर खेल और बड़े मुकाबलों में प्रदर्शन करने की क्षमता असाधारण प्रतिभा और मानसिक मजबूती को दर्शाती है। उनका रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन देशभर के अनगिनत युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा है। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से मैं वैभव को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देता हूं।”
हर्षवर्धन ने यह भी कहा कि वैभव ने हर स्तर पर खुद को बड़े मंच के लिए तैयार साबित किया है।
उन्होंने कहा, “चाहे आईपीएल हो, अंडर-19 क्रिकेट हो या घरेलू क्रिकेट—हर स्तर पर वैभव ने लगातार यह साबित किया है कि वह बड़े मंच के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इतनी कम उम्र में दबाव में प्रदर्शन करने की उनकी क्षमता उनकी खास प्रतिभा को दर्शाती है।,”
अपनी इस ऐतिहासिक पारी के दौरान वैभव ने कई रिकॉर्ड ध्वस्त किए। वह एक अंडर-19 वर्ल्ड कप की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज़ बन गए। उन्होंने 15 छक्के लगाए और ऑस्ट्रेलिया के माइकल हिल का 12 छक्कों का पुराना रिकॉर्ड तोड़ा।
फाइनल मुकाबले में वैभव ने महज 80 गेंदों पर 175 रनों की विस्फोटक पारी खेली। 218.75 की स्ट्राइक रेट से खेली गई इस पारी में उन्होंने 15 चौके और 15 छक्के जड़े। खास बात यह रही कि उनके 175 में से 150 रन केवल बाउंड्री से आए।
वैभव की ऐतिहासिक वर्ल्ड कप पारी की बीसीए अध्यक्ष ने की सराहना, कहा-बड़े मंच के लिए पूरी तरह तैयार






