BREAKING NEWS

logo

अनियंत्रित होकर मकान में घुसी स्कॉर्पियो, महिला की मौत


पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव में गुरुवार रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (जेएच03एके 9073) अनियंत्रित होकर मिट्टी के घर की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुस गई। इससे घर के मलबे में दबकर 70 वर्षीय पांचो कुंवर की मौत हो गई।

घटना के समय महिला कमरे में सोई हुई थी। मलबे में दबकर एक बाइक भी क्षतिग्रस्त हुई है। चालक नशे में था। उसे हिरासत में ले लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार रात लेस्लीगंज के जगतपुरवा मोड़ और तरहसी के बेदानी के बीच एक स्कॉर्पियो जा रही थी। अचानक विशुनपुर गांव के पास अनियंत्रित होकर एक कच्चे मकान में घुस गई और अंदर तक चली गई। मिट्टी का मलबा गिरने से कमरे में सोई पांचो कुंवर दबकर गंभीर रूप से जख्मी हो गई। घर के अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए। परिजनों ने आनन-फानन में इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, मेदिनीनगर पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।

बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो की तेज रफ्तार और चालक के नशे में रहने के कारण वाहन अनियंत्रित हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही तरहसी थाना प्रभारी आनंद कुमार राम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया। वहीं वाहन चालक का इलाज कराकर हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

इधर एमएमसीएच पुलिस चौकी की टीम भी अस्पताल पहुंचकर परिजनों से घटना की जानकारी ली और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम कराया एवं परिजनों को सौंप दिया है।

इधर जानकारी मिली है कि सतबरवा प्रखंड क्षेत्र के कसियाडीह तुंबागड़ा इलाके से स्कार्पियो सवार तिलक समारोह में शामिल होने के लिए तरहसी थाना क्षेत्र के काजी पकरी गांव में ललन सिंह के घर जा रहे थे। स्कॉर्पियो में चालक सहित पांच लोग सवार थे।