BREAKING NEWS

logo

एशियन चैंपियनशिप : 10 मीटर एयर राइफल में रुद्रांक्श ने स्वर्ण, बाबूता ने जीता रजत


- जूनियर मिक्स्ड टीम एयर पिस्टल में वंशिका–मुकेश को स्वर्ण

नई दिल्ली,   डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित एशियन चैंपियनशिप 2026 (राइफल और पिस्टल स्पर्धाएं) में भारत के निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए कई पदक अपने नाम किए। पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में रुद्रांक्श बालासाहेब पाटिल और अर्जुन बाबूता ने शानदार 1-2 फिनिश करते हुए क्रमशः स्वर्ण और रजत पदक जीते।

शुक्रवार को रुद्रांक्श का दिन पूरी तरह उनके नाम रहा। उन्होंने क्वालिफिकेशन राउंड में 632.1 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। उनकी इस बेहतरीन परफॉर्मेंस का सबसे खास पल अंतिम सीरीज में लगाए गए 107.1 अंक रहे।

आठ निशानेबाजों के फाइनल में रुद्रांक्श ने वहीं से लय पकड़ी, जहां क्वालिफिकेशन में छोड़ा था। एलिमिनेशन चरण शुरू होते ही वह शीर्ष दो में पहुंच गए।

जापान के नाओया ओकाडा, जो बाद में कांस्य पदक विजेता बने, शुरुआती बढ़त गंवा बैठे और इसके बाद रुद्रांक्श ने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

अर्जुन बाबूता ने क्वालिफिकेशन में 628.0 अंकों के साथ छठा स्थान हासिल किया था। फाइनल में उन्होंने दमदार प्रदर्शन करते हुए रुद्रांक्श से मात्र 1.2 अंक पीछे रहते हुए रजत पदक अपने नाम किया।

भारत के विशाल सिंह क्वालिफिकेशन में 10वें स्थान पर रहे और दो आरपीओ (रैंकिंग पॉइंट्स ओनली) खिलाड़ियों की मौजूदगी में अंतिम रूप से फाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाले अंतिम निशानेबाज बने। फाइनल में उन्होंने 185.5 अंकों के साथ पांचवां स्थान हासिल किया।

किरण अंकुश जाधव ने भी क्वालिफिकेशन में 628.9 अंक जुटाकर शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन आरपीओ के तहत खेलने के कारण वे फाइनल में हिस्सा नहीं ले सके और चौथे स्थान पर रहे।

जूनियर 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धा में भारत की वंशिका चौधरी और मुकेश नेलावली की जोड़ी ने स्वर्ण पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया। प्रति राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (NOC) केवल एक टीम को फाइनल खेलने की अनुमति होने के कारण, क्वालिफिकेशन में दूसरे स्थान पर रहने वाली रश्मिका सहगल और जोनाथन गैविन एंथनी की जोड़ी फाइनल में नहीं उतर सकी।

वंशिका–मुकेश की जोड़ी ने फाइनल में 481.1 अंक हासिल किए, जो नया जूनियर वर्ल्ड रिकॉर्ड भी है। इस स्पर्धा में इंडोनेशिया की जोड़ी अरिस्टा परदाना पुत्र दर्मोयो और मुहम्मद इक़बाल राइया प्रबोवो ने रजत पदक जीता, जबकि कजाखस्तान की अस्सीलिम झाकिया और तेमेरलान येर्देमबेक की जोड़ी को कांस्य पदक मिला।

भारत एशियन चैंपियनशिप 2026 में 18 पदकों के साथ शीर्ष पर बना हुआ है। इन 18 पदकों में 11 स्वर्ण, 6 रजत और एक कांस्य पदक शामिल है।