पहरा पंचायत में अबुआ और प्रधानमंत्री आवास योजना में अनियमितता का आरोप, जरूरतमंदों को नहीं मिला आवास
पैसे लेकर भी आवास नहीं देने का ग्रामीणों ने लगाया आरोप, पंचायत सेवक ने कहा- आवास आवंटन के समय छुट्टी पर थीं
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गिद्धौर (चतरा)। गिद्धौर प्रखंड की पहरा पंचायत में अबुआ आवास एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन में कथित अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत में कई जरूरतमंद परिवारों को अब तक आवास योजना का लाभ नहीं मिला है, जबकि कथित तौर पर अपात्र लोगों को आवास मुहैया कराया गया है।ग्रामीणों के अनुसार, पंचायत में आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर कुछ लोगों से पैसे भी लिए गए, लेकिन इसके बावजूद उन्हें आवास नहीं मिला। आरोप है कि कुछ ग्रामीणों को आवास दिलाने का आश्वासन देकर लगातार टालमटोल किया जा रहा है। इस मामले के सामने आने के बाद पंचायत में आवास योजना के क्रियान्वयन की पारदर्शिता पर सवाल उठने लगे हैं।
नाम उजागर होने से डर रहे पीड़ित परिवार
पीड़ित ग्रामीणों का कहना है कि आवास दिलाने के नाम पर मुखिया के माध्यम से पैसे लिए गए हैं, लेकिन अब तक उन्हें योजना का लाभ नहीं मिला है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें बार-बार आज-कल का समय देकर टाल दिया जाता है। वहीं, कुछ पीड़ित परिवारों ने फिलहाल अपना नाम सार्वजनिक करने से इनकार किया है। उनका कहना है कि नाम उजागर होने पर उन्हें पैसे वापस मिलने की उम्मीद भी खत्म हो सकती है।
पंचायत सेवक ने जताई अनभिज्ञता
इस संबंध में पंचायत सेवक प्रियंका कुमारी से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि आवास आवंटन के समय वह छुट्टी पर थीं। इसलिए उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है।
अब सवाल उठता है कि यदि जरूरतमंद परिवारों को आवास योजना के लाभ से वंचित रखा गया है और पैसे लेकर आवास दिलाने का आश्वासन दिया गया है, तो इसकी निष्पक्ष जांच कौन करेगा? ग्रामीणों ने मामले की जांच कर पात्र लाभुकों को आवास उपलब्ध कराने तथा कथित अनियमितताओं की सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में संबंधित मुखिया और प्रखंड के अधिकारियों का पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।






