सावन की पहली सोमवारी पर बाबा नगरी में आस्था का महासंगम: ढाई लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलार्पण
• जिला प्रशासन मुस्तैद
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : सावन माह की पहली सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सोमवार सुबह 4:15 बजे गर्भगृह का पट खुलते ही जलार्पण शुरू हुआ जो समाचार लिखे जाने तक लगातार जारी रहा।
मंदिर प्रशासन के अनुसार अब तक ढाई लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने सुल्तानगंज से गंगाजल लाकर बाबा बैद्यनाथ को अर्पित किया। "बोल बम" और "हर हर महादेव" के जयघोष से पूरा मेला क्षेत्र भक्तिमय हो गया।
पहली सोमवारी को लेकर अहले सुबह से ही कांवरियों की कतारें बढ़ती गईं। सुल्तानगंज से जल लेकर आए डाक बम और पैदल कांवरियों की कतार नंदन पहाड़ तक लगभग 05 किलोमीटर लंबी हो गई थी। कतार को सुव्यवस्थित रखने के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई थी।
भीड़ के भारी दबाव के बावजूद आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में जिला प्रशासन की भूमिका अहम रही।
उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानियां के निर्देश पर मेला क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा और सुविधा व्यवस्था की गई थी:-
- सुरक्षा: संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल, महिला पुलिस और मजिस्ट्रेट की तैनाती। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी।
- सुविधाएं: कतार में लगे श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह पेयजल, शीतल शर्बत, शेड, मोबाइल टॉयलेट और चिकित्सा शिविर की व्यवस्था। रेड क्रॉस और स्वयंसेवी संस्थाओं के शिविर भी सक्रिय रहे।
- यातायात प्रबंधन:शहर में वन-वे रूट और डायवर्जन लागू कर जाम की स्थिति से निपटा गया। सूचना सह सहायता केंद्रों से खोए-पाए और मार्ग निर्देशन की सेवा दी गई।
- स्वच्छता: नगर निगम की टीमों द्वारा पूरे मेला क्षेत्र में लगातार सफाई और कचरा उठाव का कार्य किया गया।
उपायुक्त ने स्वयं मेला क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ शालीनता से पेश आने का निर्देश दिया।
मंदिर के कपाट खुलने से लेकर देर रात तक जलार्पण जारी रहा। प्रशासन का अनुमान है कि देर रात तक श्रद्धालुओं की संख्या करीब 2 लाख
80 हजार के आसपास पहुंच सकती है।
पहली सोमवारी पर बाबा धाम पहुंचे श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि "प्रशासन की बेहतर व्यवस्था के कारण बिना किसी असुविधा के बाबा का दर्शन और जलार्पण संभव हो पाया।"






