पहली सोमवारी की तैयारियों को लेकर डीसी-एसपी ने अधिकारियों को किया ब्रीफ, सेवा भाव और सुरक्षा हमारी प्राथमिकता
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
देवघर : राजकीय श्रावणी मेला-2026 की पहली सोमवारी को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानियां और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने शनिवार को बी.एड. कॉलेज प्रांगण में संयुक्त ब्रीफिंग की। इस दौरान मेला क्षेत्र में प्रतिनियुक्त सभी दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और बाहर से आए जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने कहा कि पहली सोमवारी पर श्रद्धालुओं की संख्या सर्वाधिक होती है। ऐसे में भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा बड़ी चुनौती है। उन्होंने सभी अधिकारियों को विनम्रता, सेवाभाव और सजगता के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि हमारा ध्येय होना चाहिए कि श्रद्धालुओं को सुगमतापूर्वक और बिना रुकावट जलार्पण कराया जाए। कतार लगातार आगे बढ़ती रहे। दूसरे राज्यों से आने वाले श्रद्धालु देवघर और झारखंड की अच्छी छवि लेकर जाएं, यह हम सबकी जिम्मेदारी है।
उपायुक्त ने कॉर्डिनेशन और कम्युनिकेशन गैप न रखने, ओपी और टीओपी की समीक्षा करने और शालीनता से श्रद्धालुओं को सुविधा देने पर जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने कहा कि भीड़ प्रबंधन और ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित जलार्पण हो सके और शहर में जाम की स्थिति न बने। उन्होंने बताया कि सभी ओपी और यातायात ओपी के प्रभारी डीएसपी रैंक के अधिकारी होंगे। उनका दायित्व होगा कि उनके क्षेत्र में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
ब्रीफिंग में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीणा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता और मेला क्षेत्र में प्रतिनियुक्त सभी अधिकारी मौजूद थे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पहली सोमवारी को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा के लिए 24×7 निगरानी रखी जाएगी।





